बुजुर्ग महिलाओं के लिए वरदान बनी अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना, मुफ्त बस सफर से बच रहा किराया

7A_228

अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश में बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू की गई अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना उनके सफर को आसान बना रही है। योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा की सुविधा मिल रही है। अकबरपुर डिपो की बसों में सफर करने वाली महिलाएं आधार कार्ड दिखाकर बिना किराया दिए यात्रा कर पा रही हैं।

500 रुपये लेकर इलाज कराने पहुंची थीं चंद्रावती देवी

सुलतानपुर के कादीपुर की रहने वाली चंद्रावती देवी 500 रुपये लेकर जिला मुख्यालय के एक निजी चिकित्सक के पास इलाज कराने आई थीं। उन्होंने 100 रुपये डॉक्टर की फीस में दिए और 300 रुपये की दवा खरीदी। उनके पास घर लौटने के लिए सिर्फ 100 रुपये बचे थे।

पटेल नगर से बस अड्डे तक करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचीं चंद्रावती को सोमवार दोपहर 12 बजे अकबरपुर से कादीपुर-प्रयागराज जाने वाली रोडवेज बस मिली। बस में कंडक्टर सूरज यादव यात्रियों को कादीपुर, सुलतानपुर और प्रयागराज जाने के लिए आवाज लगा रहे थे।

कंडक्टर ने चंद्रावती देवी से कहा कि वह बस में बैठ जाएं, उनका किराया नहीं लगेगा। यह सुनते ही उनके चेहरे पर खुशी आ गई। उन्होंने आधार कार्ड दिखाया, जिसके आधार पर कंडक्टर ने उनका जीरो टिकट बना दिया।

51 रुपये किराया बचा तो समोसा खाकर पीया पानी

अकबरपुर से कादीपुर तक का 51 रुपये किराया नहीं देना पड़ा। गर्मी और भूख से परेशान चंद्रावती देवी ने बची रकम में से 20 रुपये का समोसा खाया और पानी पिया। उन्होंने कहा कि अब वह मुफ्त में बस से घर जाएंगी और किराये के पैसे भी बच जाएंगे।

कोर्ट की तारीख पर आईं गीता देवी को भी मिला लाभ

आजमगढ़ से अयोध्या जाने वाली बस में सवार गोसाईंगंज की 60 वर्षीय गीता देवी न्यायालय में तारीख के सिलसिले में आई थीं। उन्होंने बताया कि आधार कार्ड दिखाने के बाद उन्हें मुफ्त यात्रा की सुविधा मिली। जो पैसा बस के किराये में खर्च होता, उसे उन्होंने वकील की फीस में इस्तेमाल कर लिया। गीता देवी ने सरकार की इस सुविधा को बेहद अच्छा बताया।

मायके जाने का किराया भी हुआ बचत

आजमगढ़ की सावित्री देवी बस से मरैला स्थित अपने मायके पहुंचीं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं के बारे में सोचा है और अब किराये की चिंता खत्म हो गई है। उनका कहना था कि पहले 50 से 100 रुपये भी बचाना मुश्किल होता था, लेकिन अब मुफ्त सफर की सुविधा मिलने से जब भी समय मिलेगा, वह मायके जा सकेंगी।

एक सप्ताह में 200 से ज्यादा महिलाओं ने किया मुफ्त सफर

अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत एक सप्ताह के भीतर 60 वर्ष से अधिक उम्र की 200 से ज्यादा महिलाएं रोडवेज बसों में निश्शुल्क यात्रा कर चुकी हैं। अकबरपुर डिपो की 94 बसों में इस योजना का लाभ दिया जा रहा है।

योजना के तहत दिल्ली, आजमगढ़, लखनऊ, मऊ, गोरखपुर और प्रयागराज रूट पर यात्रा करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को सिर्फ आधार कार्ड दिखाना होता है। उम्र की पुष्टि होने के बाद उन्हें यात्रा के लिए टिकट का भुगतान नहीं करना पड़ता।

आधार कार्ड से मिल रहा यात्रा का लाभ

स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि आधार कार्ड में दर्ज उम्र के आधार पर महिलाओं को निश्शुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। फिलहाल यात्रियों के स्मार्ट कार्ड बनना शुरू नहीं हुए हैं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट कार्ड की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र