केदारनाथ धाम में बर्फबारी से बदला नजारा, सफेद चादर में लिपटी बाबा केदार की नगरी; ठंड के बीच दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में गुरुवार सुबह हुई बर्फबारी से पूरी नगरी बर्फ की सफेद चादर में ढक गई। बर्फ से ढके धाम का मनमोहक नजारा देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कोई इस खूबसूरत दृश्य को अपने कैमरे में कैद करता दिखा, तो कोई सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोता रहा। हालांकि, बर्फबारी के चलते धाम में ठंड बढ़ गई है। वहीं, जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदल गया। जिला मुख्यालय के साथ उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
कपाट बंद होने से पहले दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। मौसम में बदलाव के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं।
इस यात्रा सीजन में 18.53 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान अब तक 18 लाख 53 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को कुल 8,376 श्रद्धालुओं ने धाम में दर्शन किए। इसके साथ ही इस यात्रा सीजन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,53,032 हो गई है।
कपाट बंद होने का समय करीब आने के बावजूद धाम में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। बर्फबारी के बीच केदारनाथ का खूबसूरत नजारा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।





