रोटी-नमक से स्वागत, ‘वंदे मातरम्’ की गूंज… स्लोवाकिया पहुंचते ही छाए पीएम मोदी, रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार

15A_24

 नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के दूसरे चरण में फ्रांस के बाद स्लोवाकिया पहुंच गए हैं। ब्रातिस्लावा में उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया। स्लोवाकिया के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री आधिकारिक दौरे पर वहां पहुंचा है। ऐसे में पीएम मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों के लिहाज से ऐतिहासिक मानी जा रही है।

ब्रातिस्लावा पहुंचने पर स्लोवाकिया के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। स्लोवाक परंपरा के मुताबिक उन्हें ‘रोटी और नमक’ भेंट किया गया, जिसे वहां सम्मान, मित्रता और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है।

आज होगी अहम द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और रणनीतिक सहयोग को नई गति देने पर चर्चा होगी।

इसके अलावा पीएम मोदी ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ पहुंचकर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वह डेन्यूब नदी के किनारे आयोजित विशेष हाई-टी कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। शाम को उनकी स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ अहम बैठक निर्धारित है, जिसके बाद राजकीय भोज का आयोजन होगा।

‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति ने बनाया माहौल खास

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत को यादगार बनाने के लिए स्लोवाकिया के प्रसिद्ध सांस्कृतिक समूह लुसनिका एन्सेम्बल ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी। इस दौरान भारतीय संस्कृति और स्लोवाक लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला।

पीएम मोदी ने कलाकारों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुति की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दोनों देशों के बीच बढ़ती सांस्कृतिक निकटता की झलक भी पेश की।

महादेव कीर्तन और लोकनृत्य से हुआ स्वागत

ब्रातिस्लावा में प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाक संगीत समूह ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की आध्यात्मिक प्रस्तुति का भी आनंद लिया। वहीं प्रसिद्ध बाल लोकनृत्य दल ‘कोपानिचियारिक’ ने पारंपरिक स्लोवाक नृत्य प्रस्तुत कर भारतीय प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

इन प्रस्तुतियों ने भारत और स्लोवाकिया के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने का संदेश दिया।

भारतीय समुदाय में दिखा जबरदस्त उत्साह

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर स्लोवाकिया में रह रहे भारतीय समुदाय में भी भारी उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग पहुंचे और ‘मोदी-मोदी’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनके स्नेह के लिए आभार जताया।

‘ब्रातिस्लावा में मिला स्वागत सचमुच खास’

स्लोवाकिया पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि यह यात्रा भारत और स्लोवाकिया के संबंधों को नई ऊंचाई देने तथा सहयोग के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण मौका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रातिस्लावा में मिला आत्मीय स्वागत बेहद खास रहा और भारतीय समुदाय का प्रेम दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाता है।

व्यापार, निवेश और तकनीक पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल निर्माण, रेलवे, रक्षा, नवाचार और नई तकनीकों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के वर्षों में भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ते आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को यह दौरा नई दिशा देगा। अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया यात्रा और फरवरी 2026 में स्लोवाक राष्ट्रपति की भारत यात्रा के बाद यह दौरा द्विपक्षीय रिश्तों में एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

स्लोवाकिया के बाद फिर फ्रांस जाएंगे पीएम मोदी

स्लोवाकिया यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर फ्रांस जाएंगे, जहां वह 16 और 17 जून को आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 18 जून को पीएम मोदी पेरिस में आयोजित यूरोप के सबसे बड़े स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी कार्यक्रम ‘वीवाटेक 2026’ में भी भाग लेंगे।

 

एक नज़र