PM Modi in France: ‘भारत इनोवेट्स’ लॉन्च के साथ भारत-फ्रांस साझेदारी को नई उड़ान, बोले- Innovation हमारे DNA में है
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ पहल की शुरुआत करते हुए भारत-फ्रांस संबंधों को साझा विजन और नवाचार पर आधारित मजबूत साझेदारी बताया। फ्रांस के नीस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फ्रांस का रिश्ता केवल रणनीतिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझा मूल्यों, विश्वास, नवाचार और भविष्य की सोच पर आधारित है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई देश आपस में व्यापार और रणनीतिक साझेदारी करते हैं, लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो साझा हितों के साथ-साथ साझा विजन से भी संचालित होते हैं। भारत और फ्रांस का संबंध भी इसी श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने पिछले वर्षों में कई नई पहल शुरू की हैं और वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए मिलकर काम किया है।
पीएम मोदी ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों देशों की दोस्ती लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
‘भारत इनोवेट्स’ बनेगा टैलेंट और निवेश के बीच मजबूत पुल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि फ्रांस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने इस सदी की चुनौतियों के समाधान के लिए भारत और फ्रांस के साथ मिलकर आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि ‘भारत इनोवेट्स’ उसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
पीएम मोदी के मुताबिक, यह मंच भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा। इसके जरिए भारतीय युवाओं, स्टार्टअप्स और नवाचार से जुड़े उद्यमियों को यूरोप के विशेषज्ञों और निवेशकों के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा।
भारत में तेज़ी से बढ़ रहा स्टार्टअप इकोसिस्टम
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का भारत बड़े बदलावों के दौर से गुजर रहा है और देश में स्टार्टअप क्रांति तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा नई सोच और नई ऊर्जा के साथ मानवता की समस्याओं के समाधान तलाश रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘भारत इनोवेट्स’ भारतीय युवाओं के विश्वस्तरीय नवाचारों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा और इससे भारतीय स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
युवा उद्यमियों में दिखा नए भारत का आत्मविश्वास
कार्यक्रम में मौजूद युवा उद्यमियों की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यहां भारत के भविष्य की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं का आत्मविश्वास और नए भारत की ऊर्जा दुनिया को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत केवल समाधान का उपभोक्ता नहीं, बल्कि समाधान देने वाला देश बन रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ युवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से ग्रामीण भारत के जीवन में बदलाव ला रहे हैं, जबकि कई स्टार्टअप किसानोें की मदद के लिए सैटेलाइट तकनीक का उपयोग कर रहे हैं।
‘भारत दुनिया के लिए करता है इनोवेशन’
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत बड़े पैमाने पर और तेज गति से नवाचार कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत टिकाऊ भविष्य के लिए इनोवेशन करता है और उसके नवाचार केवल देश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि ‘भारत इनोवेट्स’ पहल भारत-फ्रांस सहयोग को नई दिशा देगी और वैश्विक स्तर पर तकनीक, निवेश और नवाचार के नए अवसर पैदा करेगी।





