Weather Alert: कहीं मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, कहीं मानसून सुस्त; IMD ने कई राज्यों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के करीब 95 प्रतिशत हिस्सों तक पहुंच चुका है, लेकिन इसका असर अलग-अलग राज्यों में अलग तस्वीर पेश कर रहा है। कहीं मूसलाधार बारिश जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रही है तो कहीं लोग अब भी अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया है।
इन राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का कहर
आईएमडी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, असम, नागालैंड और कर्नाटक के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं ओडिशा, गुजरात, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में 60 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और गुजरात के कई हिस्सों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा दर्ज की गई।
हिमाचल में फिर बादल फटा, कई वाहन मलबे में दबे
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर बादल फटने की घटना सामने आई है। तेज बारिश के बाद आए मलबे में कई वाहन दब गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर में अब भी अच्छी बारिश का इंतजार
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बादल छाए रहने के बावजूद जोरदार बारिश नहीं हो रही है। कई इलाकों में केवल हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
भूस्खलन के खतरे के बीच आदि कैलाश यात्रा निलंबित
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में लगातार बारिश और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा फिलहाल निलंबित कर दी गई है। धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी के अनुसार, एक मई से शुरू हुई यात्रा के दौरान अब तक 52,441 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। फिलहाल अगले आदेश तक इनर लाइन परमिट जारी नहीं किए जाएंगे। यात्रा निलंबित होने से पहले एक जुलाई को अंतिम बार 103 श्रद्धालुओं को परमिट जारी किए गए थे।
मुंबई में पांच घंटे की बारिश से जलभराव, हाईवे पर 15 वाहन भिड़े
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार को पांच घंटे के भीतर हुई तेज बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया। बांद्रा में सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बीएमसी के अनुसार पिछले 24 घंटे में शहर में 100 मिमी वर्षा हुई। प्रशासन ने सार्वजनिक परिवहन सामान्य रहने का दावा किया, हालांकि यात्रियों ने ट्रेन और बस सेवाओं में देरी की शिकायत की।
लगातार बारिश के कारण मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे बन गए, जिससे पालघर के पास कम से कम 15 वाहन आपस में टकरा गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं नांदेड़ में बाढ़ की आशंका को देखते हुए 30 सितंबर तक राज्य आपदा मोचन बल की एक टीम तैनात कर दी गई है।
उज्जैन में शिप्रा नदी उफान पर, मंदिर जलमग्न
मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर उज्जैन में भी देखने को मिला। शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट के आसपास स्थित कई मंदिर पानी में डूब गए हैं। शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
उत्तराखंड में उफान पर नदी-नाले, बढ़ा खतरा
उत्तरकाशी जिले की हर्षिल घाटी में मूसलाधार बारिश के बाद तेलगाड़ नदी उफान पर आ गई है। नदी के साथ आए मलबे से गंगोत्री हाईवे के पास पुल निर्माण सामग्री दब गई है और निर्माणाधीन दीवारों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण झील बन गई थी और लगातार बारिश के चलते उसके टूटने का खतरा फिर बढ़ गया है।





