यूपी कांग्रेस चीफ Ajay Rai की बिगड़ी तबीयत, आवास पर हुए बेहोश, मेदांता अस्पताल में भर्ती; पीएम मोदी ने की ठीक होने की कामना

2026_5image_11_33_278592824untitled-ll

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने मीडिया को बताया कि राय शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। कपूर ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण में पता चला है कि राय के शरीर में सोडियम की कमी हो गई थी और उनका रक्तचाप भी बढ़ा हुआ था।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत उपचार दिया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अस्पताल के निदेशक ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हुए है और फिलहाल राय होश में हैं, बातचीत कर रहे हैं तथा हालत स्थिर है। कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने शनिवार को कहा, “शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण अजय राय को शुक्रवार शाम लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लखनऊ स्थित अपने आवास पर बेहोश हो गए थे। पूरे दिन वह पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त रहे और हवाई अड्डे भी गए थे।”

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी अविनाश पांडे ने मीडिया से कहा, “अब उनकी (अजय राय की) हालत स्थिर है और मैं भी लखनऊ पहुंच रहा हूं।” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मोदी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”