आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन पर आज होगी बड़ी समीक्षा, संसदीय समिति की अहम बैठक में डीपीएसयू के बदलाव पर मंथन
नई दिल्ली: रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित संसद भवन के संलग्न परिसर में आयोजित होने की संभावना है। बैठक में रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (डीपीएसयू) में किए जा रहे परिवर्तन, आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्षता भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह कर रहे हैं। बैठक के दौरान रक्षा मंत्रालय और डीपीएसयू के प्रतिनिधि समिति के समक्ष ‘पुराने डीपीएसयू की समीक्षा, आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। इस दौरान रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में चल रहे सुधारों और भविष्य की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
24 जून की बैठक में सेना की भूमिका पर हुई थी चर्चा
इससे पहले 24 जून को रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने ‘देश की रक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय सेना की भूमिका’ विषय पर वरिष्ठ रक्षा एवं सेना अधिकारियों के विचार सुने थे। बैठक में सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि और नामित सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समिति ने रक्षा मंत्रालय के प्रतिनिधियों से इस विषय पर मौखिक साक्ष्य भी दर्ज किए थे।
2 जुलाई को डिजिटल रुपये की प्रगति की हुई थी समीक्षा
वहीं, 2 जुलाई को वित्त संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारियों और भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान के प्रतिनिधियों के साथ केंद्रीय बैंक डिजिटल मुद्रा यानी डिजिटल रुपये की प्रगति की समीक्षा के लिए विस्तृत बैठक की थी।
वित्तीय नवाचार और नियामकीय चुनौतियों पर भी रहा फोकस
यह समीक्षा ऐसे समय में हो रही है जब भारत वित्तीय नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ मौद्रिक और वित्तीय स्थिरता के बीच संतुलन बनाए रखने की दिशा में काम कर रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक अपनी संप्रभु डिजिटल मुद्रा की पायलट परियोजनाओं का लगातार विस्तार कर रहा है, जबकि निजी तौर पर जारी क्रिप्टोकरेंसी और अन्य आभासी डिजिटल परिसंपत्तियां नियमन, कराधान और प्रवर्तन से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।





