WhatsApp यूजर्स में मचा हड़कंप! अचानक ब्लॉक हुए कई अकाउंट, भारत में भी दिखा असर, Meta ने बताई पूरी वजह
नई दिल्ली: इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले कई यूजर्स को सोमवार शाम अचानक अपने अकाउंट ब्लॉक होने की समस्या का सामना करना पड़ा। भारत सहित कई जगहों के यूजर्स ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उनके अकाउंट बिना किसी पूर्व सूचना के ‘अंडर रिव्यू’ में डाल दिए गए। इसके चलते वे करीब 24 घंटे तक WhatsApp का उपयोग नहीं कर सके।
यूजर्स के मुताबिक, यह समस्या सोमवार शाम करीब 8 बजे के आसपास शुरू हुई। प्रभावित लोगों ने बताया कि उनके अकाउंट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए, जिससे वे न तो किसी को संदेश भेज पा रहे थे और न ही आने वाले संदेश प्राप्त कर पा रहे थे।
Meta ने ब्लॉक होने की वजह बताई
मामले पर Meta के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी WhatsApp के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई करती रहती है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अन्य यूजर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध गतिविधियों वाले अकाउंट की जांच की जाती है। कंपनी ने यह भी माना कि कुछ मामलों में सामान्य यूजर्स के अकाउंट भी गलती से प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में समीक्षा पूरी होने के बाद अकाउंट को जल्द दोबारा सक्रिय कर दिया जाता है।
यूजर्स को मिला ‘अंडर रिव्यू’ का नोटिफिकेशन
प्रभावित यूजर्स के WhatsApp पर एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें बताया गया कि उनके अकाउंट की समीक्षा की जा रही है। नोटिफिकेशन के अनुसार, कंपनी अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्लेटफॉर्म के नियमों का पालन किया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि 24 घंटे के भीतर समीक्षा पूरी कर निर्णय की जानकारी दी जाएगी। संदेश में अधिक जानकारी के लिए एक लिंक भी उपलब्ध कराया गया था और यूजर्स से जिम्मेदारी के साथ WhatsApp का उपयोग करने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने जताई नाराजगी
अकाउंट ब्लॉक होने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी परेशानी साझा की। कई लोगों का कहना था कि वे केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का इस्तेमाल करते हैं और उनका व्यक्तिगत तथा पेशेवर काम पूरी तरह इसी प्लेटफॉर्म पर निर्भर है। ऐसे में बिना किसी चेतावनी के अकाउंट ब्लॉक होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल Meta का कहना है कि जिन अकाउंट्स पर गलती से कार्रवाई हुई है, उनकी समीक्षा पूरी होने के बाद उन्हें जल्द बहाल कर दिया जाएगा।





