सुभासपा ने चुनाव चिह्न बदलकर किया ‘चाबी’, उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर बनाए प्रदेश अध्यक्ष
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अपना चुनाव चिह्न छड़ी के स्थान पर ‘चाबी’ रखने की घोषणा की है। इस संबंध में पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा है। पूर्व में सपा से अलग होने पर शिवपाल सिंह यादव द्वारा वर्ष 2018 में जब प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का गठन किया था तब उसका चुनाव चिह्न ‘चाबी’ था। हालांकि, बाद में प्रसपा का चुनाव चिह्न चाबी से स्टूल हो गया था। सोमवार को रविन्द्रालय में हुई सुभासपा की बैठक में ओम प्रकाश राजभर को फिर से (सुभासपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रेम चंद कश्यप को उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश को चार भागों में विभाजित कर पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल व बुंदेलखंड के प्रदेश अध्यक्षों का भी चुनाव किया गया है। एमएलसी बिछेलाल राजभर को पूर्वांचल का प्रदेश अध्यक्ष, अमरमणि कश्यप को मध्यांचल, सुजीत बंजारा को पश्चिमांचल व कालू राम प्रजापति को बुंदेलखंड का अध्यक्ष बनाया गया। नरेंद्र कश्यप को पश्चिमांचल के युवा मंच का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।