सोमनाथ हमारी अविरल और अविनाशी सनातन संस्कृति का आस्था केंद्र: अमित शाह

202604283768093

केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को सोमनाथ मंदिर में स्थित ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के पवित्र स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

विशेष पूजा और ध्वजा अर्पण

अमित शाह ने सोमनाथ महादेव के चरणों में शीश नवाकर ध्वजा पूजा, तग पूजा और सोमेश्वर महापूजा की। इस मौके पर उन्होंने एक विशेष ‘मराठी तगड़ा’ अर्पित किया, जो छत्रपति शिवाजी महाराज की शैली से प्रेरित था और चांदी व कीमती वस्त्रों से निर्मित था।

मंदिर शिखर पर फहराई धर्म ध्वजा

पूजा के बाद गृह मंत्री ने मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई। श्री सोमनाथ ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जय सोमनाथ, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग हमारी अविरल और अविनाशी सनातन संस्कृति का आस्था केंद्र है। यह हमारे संघर्ष और पुनर्जागरण का भी प्रतिबिंब है।”

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की शुरुआत

श्री सोमनाथ ट्रस्ट के चेयरमैन नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – स्पेशल महापूजा’ का आयोजन किया जा रहा है। इसकी बुकिंग प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत अमित शाह ने की। यह विशेष पूजा 11 मई 2026 से शुरू होगी।

महापूजा में होंगे विशेष अनुष्ठान

इस पूजा में पंचामृत, दूध, अनाज और गंगाजल से महाभिषेक, रुद्राक्ष माला अर्पण, महामृत्युंजय मंत्र जाप, राजभोग-थाल, दीपमाला, गौ-पूजा और ब्राह्मण भोजन जैसे धार्मिक अनुष्ठान शामिल होंगे।

ई-मैगज़ीन ‘सोमनाथ व्रत’ लॉन्च

सनातन ज्ञान के प्रसार के लिए अमित शाह ने ‘सोमनाथ व्रत’ नामक तिमाही ई-मैगज़ीन लॉन्च की। नरेंद्र मोदी के दार्शनिक मार्गदर्शन में तैयार इस पत्रिका में वेदों और भारतीय संस्कृति से जुड़े लेख शामिल होंगे, जो ट्रस्ट की वेबसाइट पर निःशुल्क उपलब्ध रहेंगे।

टीबी मरीजों के लिए विशेष पहल

गिर सोमनाथ जिला में टीबी रोकथाम अभियान के तहत ट्रस्ट द्वारा पोषण किट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार और शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता करना है।

एक नज़र