JEE Advanced 2026 में दिल्ली जोन का जलवा, शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर; टॉप-3 पर रहा एक ही जोन का कब्जा

jee-result-1780288554

नई दिल्ली: देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल JEE Advanced 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस बार परीक्षा में IIT दिल्ली जोन का दबदबा देखने को मिला है। शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर भी इसी जोन के अभ्यर्थियों ने जगह बनाई।

330 अंक लेकर शुभम कुमार ने किया टॉप

JEE Advanced 2026 में शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया। उनके ठीक पीछे कबीर छिल्लर रहे, जिन्होंने 329 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-2 अपने नाम की। वहीं जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि शीर्ष तीनों अभ्यर्थी IIT दिल्ली जोन से हैं।

महिला वर्ग में आरोही देशपांडे रहीं सबसे आगे

महिला अभ्यर्थियों में आरोही देशपांडे ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 360 में से 280 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट में 77वीं रैंक हासिल की। इसके साथ ही वह JEE Advanced 2026 की टॉप महिला उम्मीदवार बन गईं।

रिजल्ट के बाद कोटा में जश्न का माहौल

नतीजों के ऐलान के बाद देश की प्रमुख कोचिंग नगरी कोटा में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लगातार तीसरे वर्ष ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले छात्र ने कोटा से तैयारी की थी। महिला वर्ग की टॉपर आरोही देशपांडे भी कोटा के क्लासरूम प्रोग्राम से जुड़ी रही हैं। परिणाम घोषित होते ही कोचिंग संस्थानों और छात्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई।

बिहार के गया के रहने वाले हैं शुभम कुमार

ऑल इंडिया टॉपर शुभम कुमार बिहार के गया जिले के निवासी हैं। उन्होंने इससे पहले JEE Main में भी 100 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। JEE Advanced में भी उन्होंने अपनी शानदार तैयारी का प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान हासिल किया।

वहीं दूसरे स्थान पर रहे कबीर छिल्लर भी कोटा में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दिलचस्प बात यह है कि शुभम कुमार और कबीर छिल्लर न सिर्फ एक ही कोचिंग संस्थान से जुड़े रहे, बल्कि दोनों अच्छे मित्र भी बताए जा रहे हैं।

17 मई को आयोजित हुई थी परीक्षा

JEE Advanced 2026 का आयोजन 17 मई को किया गया था। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई थी। पहला पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ था। दोनों पेपरों की अवधि तीन-तीन घंटे निर्धारित की गई थी।

स्कोरकार्ड ऑनलाइन उपलब्ध

परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं। परिणाम जारी होने के साथ ही अब सफल अभ्यर्थियों के लिए देश के प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी।