बुंदेलखंड में 1000 फुट ऊंचे पहाड़ पर शिव गुफा का बढ़ रहा अपने आप आकार, बांदा जिले का ग्राम जरर बना आस्‍था का केंद्र

WhatsApp Image 2024-07-03 at 8.09.44 AM

वीर भूमि बुंदेलखंड, उत्तर प्रदेश में बांदा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर जरर गांव में एक 1000 फुट ऊंचा पहाड़ है। इस पर एक प्राचीन शिवलिंग स्थापित है। मान्‍यता है कि यह शिवलिंग अनादि काल से स्थापित है। यहां आने वाले भक्‍तों का कहना है कि यह गुफा हर साल ऊपर उठती जा रही है। यहां अब पर्यटन विभाग करीब एक करोड़ की लागत से पर्यटकों की सुविधाओं के लिए कार्य कराएगा। इसके अलावा बांदा में भूरागढ़, कालिंजर और रनगढ़ दुर्ग के साथ ही ऐतिहासिक नवाब टैंक, डाबर देवता और पहड़िया दाई को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गिरवा थाना अंतर्गत जरर गांव के पर्वत पर करीब 70 साल पहले पंडित रामनारायण शुक्ला दीपावली के दिन गुफा में गए थे। वहां गुफा के अंदर स्थित शिवलिंग पर उन्‍होंने दिया जलाया था। इसके पहले कुछ चरवाहे बकरी चराने गए थे, तभी पानी बरसने लगा चरवाहे गुफा देखकर अंदर घुस गए। उन्हें गुफा के अंदर शिवलिंग दिखा। चरवाहों ने गांव वालों से बात कही तभी से यहां शिवलिंग की पूजा होने लगी और मंदिर का निर्माण हुआ।

एक संत 90 वर्ष तक तपस्या में रहे लीन
बताया यह भी जाता है कि गरीब 90 वर्ष पहले एक संत रामू महाराज बचपन से ही इस गुफा में चले गए थे। वह आजीवन बाहर नहीं निकले वहीं तपस्या में लीन रहे, दो वर्ष पूर्व ही उनका निधन हो गया। स्थानीय लोगों में मान्यता है कि गुफा में विराजमान भगवान जरर गांव ही नहीं बल्कि आसपास के कई गांव में लोगों की संकट में भी रक्षा करते हैं। स्थानीय पत्रकार डॉ. शीलवृत शुकुल कहते हैं की गुफा अपने आप बढ़ती है, 40 साल पहले यहां लेट कर जाते थे। अब श्रद्धालु खड़े होकर आराम से दर्शन करने पहुंच जाते हैं।

गुफा को आकर्षक ढंग से बनाया जाएगा
पहाड़ में अति प्राचीन शिव गुफा को पर्यटकों के लिए विशेष बनाने की तैयारी है। इस गुफा का पौराणिक महत्व भी है, लेकिन उपेक्षा के चलते यह अभी तक गुमनाम रही। पर्यटन विभाग अब इस शिव गुफा को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाएगा। पर्यटकों की सुविधाओं के लिए यहां एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां टॉयलेट, बहुउद्देशीय हॉल, यात्री शेड, शुद्ध और शीतल पेयजल, विद्युतीकरण, टॉयलेट ब्‍लॉक आदि व्यवस्था कराई जाएगी। शासन ने बजट आवंटित कर दिया है।

क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस बारे में चित्रकूटधाम मंडल के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अनुपम श्रीवास्तव ने बताया कि महुआ ब्‍लॉक के जरर गांव में स्थापित पहाड़ में भगवान शिव की गुफा है और शिवलिंग है। इसे पर्यटकों के लिए बेहतर बनाया जा रहा है। इसके लिए शासन से एक करोड़ रुपये मिले हैं।