अब मोबाइल से मिनटों में करें FD, रोज सिर्फ 100 रुपये से शुरू होगी बचत; PhonePe ने लॉन्च की नई सुविधा

fix_deposit_1781183499032_1781183509926_69a43572-5ce0-4467-a6f6-3120bb7f8ffa_1786001682717_ae2e499a-db28-441b-be17-8497cb120431

नई दिल्ली: छोटी-छोटी बचत को आसान बनाने के लिए डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म फोनपे ने अपने ऐप पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) बुकिंग और डेली रेकरिंग डिपॉजिट (डेली आरडी) की नई सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के जरिए अब यूजर घर बैठे मोबाइल से ही निवेश कर सकेंगे। डेली आरडी में रोजाना केवल 100 रुपये से बचत शुरू की जा सकती है, जबकि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पेपरलेस होगी।

इस नई सुविधा का उद्देश्य सुरक्षित निवेश के विकल्पों को अधिक से अधिक लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है।

सिर्फ 100 रुपये रोजाना से शुरू करें निवेश

फोनपे ने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ मिलकर डेली रेकरिंग डिपॉजिट की शुरुआत की है। इस योजना के तहत यूजर प्रतिदिन 100 रुपये से लेकर 1,000 रुपये तक निवेश कर सकते हैं। यह सुविधा नियमित बचत की आदत विकसित करने को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

ऐप पर ही चुन सकेंगे बेहतर एफडी

फोनपे ऐप के माध्यम से यूजर विभिन्न पार्टनर बैंकों और एनबीएफसी की फिक्स्ड डिपॉजिट योजनाओं की तुलना कर सकते हैं। ब्याज दर, निवेश अवधि और अन्य सुविधाओं के आधार पर अपनी पसंद की एफडी का चयन किया जा सकता है।

पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। पैन और आधार के जरिए डिजिटल सत्यापन के बाद यूपीआई या नेट बैंकिंग के माध्यम से निवेश पूरा किया जा सकेगा।

5 लाख रुपये तक का मिलेगा बीमा कवर

कंपनी के अनुसार, पार्टनर बैंकों में कराई गई एफडी पर भारतीय जमा बीमा और ऋण गारंटी निगम (डीआईसीजीसी) के नियमों के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध होगा। इसके अलावा यूजर एक ही प्लेटफॉर्म से अलग-अलग बैंकों की एफडी को आसानी से मैनेज भी कर सकेंगे।

UPI AutoPay से अपने आप कटेगा पैसा

डेली आरडी में निवेश की राशि यूपीआई ऑटोपे के माध्यम से अपने आप खाते से कट जाएगी। इससे हर दिन अलग से भुगतान करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस योजना की एक खास सुविधा यह भी है कि जरूरत पड़ने पर केवल सात दिन बाद भी जमा राशि निकाली जा सकती है। यदि किसी दिन निवेश नहीं हो पाता है तो 15 दिन का ग्रेस पीरियड मिलेगा और इस दौरान कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। यूजर अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय यूपीआई ऑटोपे मंडेट को बंद भी कर सकते हैं।

ऐप के इस सेक्शन में मिलेगी सुविधा

एफडी और डेली आरडी दोनों सुविधाएं फोनपे ऐप के म्यूचुअल फंड और डिपॉजिट सेक्शन में उपलब्ध हैं। यहां बैंक या एनबीएफसी का चयन करने, निवेश राशि और अवधि तय करने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

फोनपे के वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ पेमेंट्स दीप अग्रवाल के अनुसार, कंपनी का उद्देश्य एफडी जैसे सुरक्षित निवेश विकल्पों को पूरी तरह डिजिटल बनाकर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि घर बैठे निवेश और नियमित बचत करना आसान हो सके।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र