अब बिना LPG कनेक्शन के भी मिलेगा सिलेंडर! इंस्टामार्ट-HPCL की नई सुविधा शुरू, जानिए कैसे कर सकेंगे ऑर्डर
नई दिल्ली। एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए अब पारंपरिक गैस कनेक्शन होना जरूरी नहीं रहेगा। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की साझेदारी के तहत नई ऑन-डिमांड एलपीजी डिलीवरी सेवा शुरू की गई है। इस सुविधा के जरिए ग्राहक बिना नियमित एलपीजी कनेक्शन के भी गैस सिलेंडर मंगवा सकेंगे। फिलहाल इसकी शुरुआत बेंगलुरु से की गई है।
नई व्यवस्था का उद्देश्य उन लोगों को सुविधा देना है, जिनके पास स्थायी एलपीजी कनेक्शन नहीं है। इसमें छात्र, किराए के मकानों में रहने वाले लोग, छोटे परिवार और नौकरीपेशा उपभोक्ता आसानी से गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।
KYC के बाद ही मिलेगा सिलेंडर
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को सबसे पहले केवाईसी (KYC) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पहचान सत्यापन सफल होने के बाद ही ऑर्डर मंजूर किया जाएगा। डिलीवरी के समय भी सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। रिफिल लेने के लिए उपभोक्ता को खाली सिलेंडर वापस करना अनिवार्य होगा।
HPCL के अधिकृत नेटवर्क से होगी डिलीवरी
इंस्टामार्ट पर बुक किए गए सभी ऑर्डर HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के माध्यम से पूरे किए जाएंगे। कंपनी के प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ग्राहकों तक सिलेंडर पहुंचाएंगे।
कौन-कौन से सिलेंडर होंगे उपलब्ध?
नई सुविधा के तहत ग्राहक 10 किलोग्राम का HP Navya कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर और 5 किलोग्राम का मेटल एलपीजी सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। ये छोटे आकार के सिलेंडर सीमित गैस आवश्यकता वाले उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी माने जा रहे हैं।
हल्का और पारदर्शी होगा HP Navya सिलेंडर
HPCL के अनुसार, HP Navya कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का, जंग-रोधी और अधिक सुविधाजनक है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण उपभोक्ता सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी आसानी से देख सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन अतिरिक्त सिलेंडर रखने या कम गैस खपत वाले घरों के लिए उपयुक्त है।
गैस बुकिंग के तरीके में आएगा बदलाव
क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑन-डिमांड एलपीजी डिलीवरी की यह पहल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की पारंपरिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव मानी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को तेज, सुविधाजनक और अधिक लचीली सेवा मिलने की उम्मीद है।





