NEET पेपर लीक केस में 14 आरोपियों पर कसेगा कानूनी शिकंजा, 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई; CBI ने दाखिल की है 20 हजार पन्नों की चार्जशीट

Untitled-1-copy-196
नई दिल्ली: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने इस मामले में आरोपी 14 लोगों के खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने का निर्देश दिया है। स्पेशल जज अजय गुप्ता ने भारतीय न्याय संहिता, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम के तहत आरोप तय किए हैं। कोर्ट ने 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई यानी डे-टू-डे ट्रायल शुरू करने का भी फैसला किया है।

इन 14 आरोपियों के खिलाफ तय होंगे आरोप

इस मामले में जिन लोगों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं, उनमें यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे, मनीषा संजय हवलदार और शेषराव बजरंग सूर्यवंशी शामिल हैं।

CBI ने दाखिल की करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने NEET UG पेपर लीक मामले में करीब 20 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें कुल 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी के मुताबिक, तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट ने अलग-अलग तरीकों से दिल्ली स्थित नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के कार्यालय से परीक्षा के सवाल लीक किए थे।

CBI ने अदालत को बताया था कि आरोपी कथित तौर पर इसलिए गोपनीय सवालों तक पहुंचने और उन्हें बाहर ले जाने में सफल रहे, क्योंकि कॉन्फिडेंशियल सेक्शन से बाहर निकलते समय उनकी तलाशी नहीं ली गई थी।

12 मई को दर्ज हुआ था मामला, कई राज्यों तक पहुंची जांच

CBI ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर 12 मई को मामला दर्ज किया था। इसके अगले दिन यानी 13 मई को पहली गिरफ्तारियां हुई थीं। जांच आगे बढ़ने के साथ इसका दायरा महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा तक फैल गया।

एजेंसी ने इस मामले में दो चार्जशीट दाखिल की हैं। पहली चार्जशीट 28 जुलाई को दाखिल की गई थी, जिसमें 13 आरोपियों के नाम शामिल थे। इनमें NTA से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट, कोचिंग संस्थानों से जुड़े दो लोग और कथित बिचौलिए शामिल थे।

इसके बाद 14 अक्टूबर को CBI ने महाराष्ट्र के चाय विक्रेता शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की। इसके साथ ही आरोपियों की कुल संख्या 14 हो गई।

360 गवाहों और 422 दस्तावेजों के आधार पर जांच

CBI ने आरोपियों के खिलाफ अपना पक्ष मजबूत करने के लिए 360 गवाहों, 422 दस्तावेजों और 43 अन्य अहम सबूतों पर भरोसा किया है। अब तक एजेंसी ने किसी सरकारी अधिकारी या NTA के पदाधिकारी को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया है।

CBI का कहना है कि पेपर लीक की साजिश को सब्जेक्ट एक्सपर्ट और उनसे जुड़े निजी लोगों के नेटवर्क ने अंजाम दिया था। एजेंसी ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, विश्वासघात, सबूत मिटाने और भ्रष्टाचार से संबंधित आरोप लगाए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

अब 25 नवंबर से शुरू होने वाले डे-टू-डे ट्रायल में अदालत आरोपियों के खिलाफ पेश किए गए सबूतों और गवाहों के आधार पर मामले की सुनवाई करेगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र