MBBS की 359 और BDS की 71 सीटें खाली, NEET UG काउंसलिंग के दूसरे राउंड में दाखिले का मौका

mbbs_admission_1788328319633_178

देहरादून: एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले के लिए नीट यूजी 2026 उत्तराखंड राज्य केंद्रीयकृत काउंसलिंग के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय की ओर से जारी सीट मैट्रिक्स के मुताबिक सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 359 सीटें खाली हैं। इनमें राज्य कोटे की 178 और ऑल इंडिया ओपन कोटे की 181 सीटें शामिल हैं। वहीं बीडीएस में राज्य कोटे की 43 और ऑल इंडिया ओपन कोटे की 28 सीटें रिक्त हैं।

नए और पहले से पंजीकृत अभ्यर्थी बुधवार शाम पांच बजे तक पंजीकरण, आवेदन, पसंद भरने और उसे लॉक करने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। दूसरे चरण में सीट आवंटन शुक्रवार को किया जाएगा। सीट मिलने के बाद संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेने की अंतिम तारीख 18 सितंबर है।

पहले चरण में पंजीकरण नहीं कराने वालों को भी मौका

जिन अभ्यर्थियों ने पहले चरण में पंजीकरण नहीं कराया था, वे भी दूसरे चरण की काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। वहीं सीट नहीं पाने वाले और फ्लोट विकल्प चुनने वाले अभ्यर्थियों को भी सीट अपग्रेड कराने का अवसर मिलेगा।

पहले चरण में फ्रीज विकल्प चुनकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर चुके अभ्यर्थी दूसरे चरण में शामिल नहीं हो सकेंगे।

पहले चरण की सीट छोड़ने का आज आखिरी मौका

पहले चरण में फ्रीज विकल्प चुनकर दाखिला ले चुके अभ्यर्थी बुधवार शाम पांच बजे तक संबंधित कॉलेज में पहुंचकर अपनी सीट सरेंडर कर सकते हैं। इसके बाद सीट छोड़ने का यह अवसर नहीं मिलेगा।

एमसीसी के ऑल इंडिया कोटे में 11,302 सीटें पूरी तरह खाली

एमसीसी की ऑल इंडिया कोटा सीट मैट्रिक्स के मुताबिक दूसरे राउंड में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएससी नर्सिंग की कुल 659 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इसके अलावा 11,302 क्लियर वैकेंसी हैं। ये वे सीटें हैं जो पहले राउंड के बाद पूरी तरह खाली रह गई हैं। इन सीटों में एम्स पटना, एम्स रायपुर और एम्स गुवाहाटी जैसे प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों की सीटें भी शामिल हैं।

इसके अलावा 12,283 सीटों को वर्चुअल वैकेंसी के तौर पर दर्शाया गया है। वर्चुअल वैकेंसी ऐसी सीट होती है जो फिलहाल पहले राउंड के किसी अभ्यर्थी के पास है और उसने फ्लोट यानी अपग्रेडेशन का विकल्प चुना है। संबंधित अभ्यर्थी के किसी दूसरी पसंदीदा सीट पर जाने के बाद ही यह सीट उपलब्ध होगी।

11 सितंबर को जारी होगा सीट आवंटन परिणाम

एमसीसी नीट यूजी काउंसलिंग 2026 के दूसरे राउंड के लिए पंजीकरण 3 सितंबर से 8 सितंबर 2026 तक हुआ। च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 3 सितंबर से 9 सितंबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों को इस दौरान कॉलेज और पाठ्यक्रम की पसंद प्राथमिकता के क्रम में सावधानी से भरनी होगी।

सीट आवंटन की प्रक्रिया 9 और 10 सितंबर को पूरी की जाएगी। दूसरे राउंड का सीट आवंटन परिणाम 11 सितंबर 2026 को जारी होगा। सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 12 से 18 सितंबर 2026 के बीच संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। इसके बाद 19 सितंबर को संस्थानों की ओर से दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों के आंकड़ों का सत्यापन किया जाएगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र