काशी विश्वनाथ मंदिर में बड़ा हादसा: PAC जवान की सरकारी राइफल से अचानक चली गोली, तीन लोग घायल, मचा हड़कंप
वाराणसी: देश के सबसे संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी धार्मिक स्थलों में शामिल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंदिर के गेट नंबर 4B पर ड्यूटी पर तैनात PAC के एक जवान की सरकारी बंदूक से दुर्घटनावश गोली चल गई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। गोली सीधे किसी व्यक्ति को नहीं लगी, लेकिन उसके छर्रे वहां मौजूद तीन लोगों को लग गए। छर्रे लगने से तीनों लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान की सरकारी राइफल से अचानक फायर हो गया था। गोली के छर्रे आसपास मौजूद तीन लोगों तक पहुंचे, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद मंदिर परिसर में मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को तत्काल नियंत्रण में ले लिया।
घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए हालात को सामान्य किया, जिससे श्रद्धालुओं के बीच फैली अफरा-तफरी जल्द ही शांत हो गई।





