MacBook खुद करेगा आपके काम? Apple बना रहा AI Agent, एक कमांड पर संभालेगा कई ऐप्स और टूल्स

apple
नई दिल्ली: टेक कंपनी Apple एक ऐसे AI Agent पर काम कर रही है, जो MacBook को इंसान की तरह इस्तेमाल कर सकेगा। इसके जरिए यूजर को बार-बार कीबोर्ड या माउस से निर्देश देने की जरूरत नहीं होगी। एक बार काम बताने के बाद यह एजेंट वेब ब्राउजिंग, अलग-अलग ऐप्स का इस्तेमाल और कोडिंग जैसे कई चरणों वाले काम खुद पूरा करने की कोशिश करेगा। इस प्रोजेक्ट से जुड़ी जानकारी ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में सामने आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने हाल ही में सीनियर इंजीनियरिंग मैनेजर के पद के लिए नौकरी का विज्ञापन जारी किया है। इस पद पर नियुक्त होने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी ऐसा AI Agent विकसित करने की होगी, जो कंप्यूटर पर इंसान की तरह काम कर सके। कंपनी की जॉब पोस्टिंग में वेब ब्राउजिंग से लेकर अलग-अलग ऐप्स के जरिए काम पूरा करने तक की क्षमताओं का जिक्र किया गया है।

जरूरत के हिसाब से खुद चुनेगा टूल्स

Apple ऐसा AI Agent तैयार करना चाहता है, जो किसी काम को पूरा करने के लिए जरूरी टूल खुद चुन सके। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी काम के लिए वेबसाइट खोलने की जरूरत होगी तो यह ब्राउजर का इस्तेमाल कर सकेगा। वहीं, कोडिंग से जुड़े काम में कमांड चला सकेगा, कोड लिख सकेगा और उसमें मौजूद गलतियों को ठीक करने में मदद कर सकेगा।

इसका मकसद यूजर को हर चरण पर अलग-अलग निर्देश देने की जरूरत से राहत दिलाना है। AI Agent ब्राउजर, ऐप्स और कमांड लाइन के बीच तालमेल बनाकर कई चरणों वाले काम पूरे करने में सक्षम होगा। Apple ने इस प्रक्रिया में यूजर की प्राइवेसी का ध्यान रखने की बात भी कही है।

थर्ड पार्टी AI Agent को लेकर भी सतर्क Apple

एक तरफ Apple अपना AI Agent विकसित करने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कंपनी थर्ड पार्टी AI Agents को डिवाइस का पूरा नियंत्रण देने के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतना चाहती है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले macOS 27.3 अपडेट में ऐसे अलर्ट देखने को मिल सकते हैं, जो किसी थर्ड पार्टी AI Agent को Mac का पूरा कंट्रोल देने से पहले यूजर को सावधान करेंगे। Apple पहले ही डेवलपर्स को बता चुका है कि इस तरह की अनुमति देने के लिए यूजर की सहमति जरूरी होगी।

AI Agent की दौड़ में Apple की एंट्री

AI Agent के क्षेत्र में OpenAI और Anthropic जैसी कंपनियां पहले ही अपने उत्पाद पेश कर चुकी हैं। Meta भी इस दिशा में काम कर रहा है। ऐसे में Apple का इस बाजार में उतरना टेक इंडस्ट्री की प्रतिस्पर्धा को और दिलचस्प बना सकता है।

हालांकि, Apple का यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले साल के अंत तक इस सुविधा को पेश करने पर विचार कर रही है। फिलहाल इसकी लॉन्चिंग की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र