LPG Price Cut: अगस्त की शुरुआत में बड़ी राहत, 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर 202 रुपये तक सस्ता
नई दिल्ली: अगस्त महीने की शुरुआत होटल, रेस्टोरेंट और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। नई दरें 1 अगस्त 2026 से लागू कर दी गई हैं। हालांकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई कीमतों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कटौती की गई है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत घटने से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली और कोलकाता में नई कीमतें लागू
ताजा कटौती के बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटकर 2,728 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी नई कीमत 2,872.50 रुपये तय की गई है। दिल्ली में बीते दो महीनों के दौरान कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में कुल 385.50 रुपये की कमी दर्ज की गई है।
जुलाई में भी मिली थी राहत
इससे पहले जुलाई 2026 में भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 183 रुपये से अधिक की कटौती की थी। उस समय दिल्ली में इसकी कीमत 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये हो गई थी, जबकि कोलकाता में कीमत 3,255.50 रुपये से घटकर 3,081.50 रुपये पर आ गई थी। अब अगस्त की शुरुआत में फिर से कीमतों में कमी कर व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत दी गई है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
कमर्शियल सिलेंडर सस्ता होने के बावजूद घरेलू उपयोग वाले 14 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडर की दरें 7 जून से लागू स्तर पर ही बरकरार हैं।
वर्तमान में दिल्ली में 14 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये में उपलब्ध है। कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये बनी हुई है।





