LPG सिलेंडर के दाम में आज भी बदलाव नहीं, ग्रामीण इलाकों में 600 रुपये तक सस्ता मिल रहा कमर्शियल गैस सिलेंडर
नई दिल्ली: एलपीजी सिलेंडर के दाम में 22 सितंबर को भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में घरेलू 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत 942 रुपये और 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का रेट 2,747.50 रुपये है। हालांकि, ग्रामीण और छोटे कस्बों में कमर्शियल सिलेंडर की तस्वीर अलग है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जैसे इलाकों में एजेंसियां 19 किलो वाले सिलेंडर को तय कीमत से 200 से 600 रुपये तक कम में बेच रही हैं।
अप्रैल-मई के दौरान एलपीजी की उपलब्धता को लेकर काफी परेशानी सामने आई थी। ईरान युद्ध शुरू होने के शुरुआती दौर में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई भी बेहद सीमित हो गई थी। उस समय कई जगहों पर सिलेंडर मिलना मुश्किल था। अब सप्लाई की स्थिति में सुधार होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल सिलेंडर की मांग कम रहने से एजेंसियों के सामने अलग समस्या खड़ी हो गई है।
कुशीनगर में कमर्शियल सिलेंडर के अलग-अलग रेट
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के ग्रामीण और छोटे कस्बों में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,946 रुपये और 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर 1,014 रुपये का है। घरेलू सिलेंडर की कीमत तय होने के कारण इसमें एजेंसियों के स्तर पर बदलाव की गुंजाइश नहीं होती, लेकिन कमर्शियल सिलेंडर की बिक्री कम होने के कारण इसे 2,400 से 2,700 रुपये के बीच भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
क्यों कम कीमत पर बेच रहे गैस एजेंसी संचालक
एक गैस एजेंसी संचालक के मुताबिक, कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई लेकर आने वाले वाहन में औसतन 5 कमर्शियल सिलेंडर होते हैं। सप्लाई वाहन को वापस भेजने के लिए उतने ही खाली सिलेंडर लौटाना जरूरी होता है। अगर 19 किलो वाले 5 खाली सिलेंडर नहीं दिए जाते हैं तो ट्रक वापस नहीं जाता और आगे की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीण इलाकों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की खपत कम होने के कारण एजेंसियों के पास स्टॉक जमा हो जाता है। छोटे दुकानदार भी कई बार दूसरे माध्यमों से घरेलू सिलेंडर की व्यवस्था कर लेते हैं। ऐसे में सप्लाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एजेंसी संचालक कमर्शियल सिलेंडर को 200 से 600 रुपये तक कम कीमत पर बेच देते हैं।
ग्रामीण इलाकों में भी 25 दिन बाद बुक होगा सिलेंडर
एलपीजी बुकिंग के अंतराल में भी बदलाव किया गया है। पहले शहरी क्षेत्रों में सिलेंडर बुक करने के लिए 25 दिन और ग्रामीण इलाकों में 45 दिन का अंतराल निर्धारित था। पेट्रोलियम मंत्रालय ने अब ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी यह अवधि घटाकर 25 दिन कर दी है।
सरकारी तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
सप्लाई में सुधार के बाद बदला बुकिंग अंतराल
पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि एलपीजी की आपूर्ति अब पहले की तुलना में बेहतर हुई है और बैकलॉग भी काफी कम हो गया है। इसी को देखते हुए सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए, चाहे वे शहरी क्षेत्र में रहते हों या ग्रामीण इलाके में, सिलेंडर बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित किया गया है।





