सावन में कांवड़ियों पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, प्रसाद में मिलेंगे पौधे; कांवड़ मार्ग पर नॉन-वेज और अंडे की बिक्री पर रोक

बरेली: सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार भी कांवड़ियों के स्वागत के लिए प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। वहीं, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पौधे भी वितरित किए जाएंगे।

प्रशासन के अनुसार, पिछले वर्ष की तरह इस बार भी अलखनाथ मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर, धोपेश्वरनाथ मंदिर, तपेश्वरनाथ मंदिर और वनखंडीनाथ मंदिर समेत प्रमुख शिवालयों पर आसमान से फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, विशेष रूप से रामगंगा पुल पर भी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी।

कांवड़ मार्ग पर नॉन-वेज और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध

कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जिला स्तरीय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांसाहारी खाद्य पदार्थों और अंडों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट’ एप के स्टीकर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में बिना वैध औषधि लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लाइसेंस और पंजीकरण की संख्या एक सप्ताह के भीतर 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बरेली-बदायूं हाईवे की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

कांवड़ यात्रा को देखते हुए बरेली-बदायूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य को जल्द व्यवस्थित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर डायवर्जन और निर्माण सामग्री फैली होने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

कमिश्नर ने हाल ही में सड़क का निरीक्षण कर एनएचएआई अधिकारियों को सावन शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जहां यातायात अधिक प्रभावित होने की संभावना है, वहां वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन के मुताबिक सावन शुरू होने से दो दिन पहले नया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया जाएगा।

पुष्पवर्षा के साथ मिलेगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि कांवड़ियों के सम्मान में पुष्पवर्षा की जाएगी और उन्हें प्रसाद के रूप में पौधे भेंट किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं का सम्मान करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र