भारत-इंडोनेशिया शिखर वार्ता आज, रक्षा से ऊर्जा तक कई बड़े समझौतों की तैयारी, ब्रह्मोस डील पर भी टिकी नजर
जकार्ता: इंडोनेशिया दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। बैठक में रक्षा सहयोग, व्यापार, ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने पर चर्चा होगी। इस दौरान भारत की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल से जुड़े संभावित समझौते पर भी सभी की नजर रहेगी।
ब्रह्मोस मिसाइल सौदा अंतिम चरण में
सूत्रों के अनुसार, भारत से ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली खरीदने को लेकर करीब 2,500 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। बताया जा रहा है कि इंडोनेशिया पहले प्रस्तावित खरीद से आगे बढ़ते हुए अब बड़े पैमाने पर ब्रह्मोस मिसाइल प्रणालियां लेने की तैयारी में है।
यदि यह समझौता होता है तो फिलीपींस के बाद इंडोनेशिया ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला प्रमुख आसियान देश बन जाएगा।
एक्ट ईस्ट नीति को मिलेगी मजबूती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह यात्रा भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर दृष्टिकोण और स्वतंत्र, खुले एवं समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
दिल्ली से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि यात्रा के दौरान समुद्री सुरक्षा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग, व्यापार और निवेश जैसे अहम विषयों पर महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा होगी।
कई क्षेत्रों में समझौतों पर लग सकती है मुहर
भारत और इंडोनेशिया के बीच स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, औषधि, शिक्षा, विनिर्माण और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
दोनों देश आर्थिक सहयोग को भी नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार वित्त वर्ष 2023 के 38.8 अरब डॉलर से घटकर वर्ष 2026 में 24.8 अरब डॉलर रह गया है।
जकार्ता में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत
तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में सोमवार को जकार्ता पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंडोनेशिया में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो स्वयं हवाईअड्डे पहुंचे और उन्होंने प्रधानमंत्री की अगवानी की। इस दौरान उनके साथ चार मंत्री भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। उन्होंने स्वागत के लिए राष्ट्रपति सुबियांतो का आभार जताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे। इसके बाद वह अपनी तीन देशों की यात्रा के अगले चरण में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे।





