अदन की खाड़ी में तेल टैंकर के पास जोरदार धमाका, हूती मिसाइल हमले की आशंका से बढ़ी वैश्विक चिंता

yaman

तेहरान: पश्चिम एशिया में समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। यमन के दक्षिणी तट से सटी अदन की खाड़ी में एक तेल टैंकर के बेहद करीब हुए जोरदार विस्फोट ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हालांकि जहाज पर मौजूद सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं और टैंकर को किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के अनुसार यह घटना अदन से करीब 95 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में हुई। जहाज के कप्तान ने बताया कि टैंकर के बेहद नजदीक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच जारी है।

हूती मिसाइल दागे जाने का दावा, जांच जारी

घटना के बीच यमन के अल-बैदा प्रांत के मुकयारस क्षेत्र से स्थानीय सूत्रों ने दावा किया है कि हूती विद्रोहियों ने वहां से अदन की खाड़ी की दिशा में एक मिसाइल दागी थी। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टैंकर के पास हुआ विस्फोट उसी मिसाइल का परिणाम था या दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है। हूती संगठन ने भी अब तक इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

समुद्री व्यापारिक मार्ग पहले से हैं संवेदनशील

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब लाल सागर और अदन की खाड़ी से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा पहले से ही चुनौती बनी हुई है। हाल के महीनों में हूती विद्रोहियों द्वारा कई व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाए जाने के बाद इस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा किया गया है।

ओमान के पास भी हुआ था संदिग्ध हमला

इससे पहले ओमान के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर भी संदिग्ध हमले की सूचना मिली थी। जहाज ने बताया था कि उसे किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल ने निशाना बनाया। यह घटना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी प्रवेश द्वार के पास ओमान के अल-खासब से लगभग 20 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में हुई थी, जिसने समुद्री सुरक्षा को लेकर नई चिंताओं को जन्म दिया था।

सऊदी टैंकरों पर हमले का हूती दावा

दूसरी ओर हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने अदन की खाड़ी में ‘डेजी’ नामक सऊदी तेल टैंकर पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसके बाद जहाज को अपना मार्ग बदलना पड़ा। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई सऊदी अरब के खिलाफ घोषित समुद्री नाकेबंदी अभियान का हिस्सा है।

हूतियों ने यह भी दावा किया कि उन्होंने उत्तरी लाल सागर में ‘वफा’ नाम के एक अन्य सऊदी टैंकर पर भी कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि इन दोनों घटनाओं को लेकर सऊदी अरब की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र