2200 विकास प्रस्तावों पर सीएम योगी का बड़ा फैसला! 15 जुलाई तक बजट जारी करने के निर्देश, 15 अगस्त से शुरू होंगे निर्माण कार्य

Baba-10

बरेली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली मंडल के विकास कार्यों को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए करीब 2200 प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग की सभी स्वीकृत कार्य योजनाओं को 15 जुलाई तक मंजूरी देकर उनका बजट जारी किया जाए। साथ ही 15 अगस्त तक सड़क, पुल और अन्य विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन कर कार्य शुरू कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित पीडब्ल्यूडी की मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

देरी करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचे से जुड़े निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबित परियोजनाओं में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने नगर निगम की ओर से खरीदे गए 60 अत्याधुनिक स्वच्छता वाहनों को सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में छह रोबोटिक मैनहोल सीवर क्लीनिंग मशीनें, दो स्किड लोडर, 50 सीएनजी ऑटो टिपर और दो बैकहो लोडर शामिल हैं।

इन आधुनिक मशीनों के संचालन से शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही सीवर सफाई के दौरान मानव श्रम पर निर्भरता भी कम होगी।

चार श्रेणियों में होगा कूड़ा संग्रहण

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नए सीएनजी ऑटो टिपरों के माध्यम से घर-घर से कचरे का पृथक संग्रहण किया जाएगा। कूड़े को गीला, सूखा, स्पेशल केयर वेस्ट और सैनिटरी वेस्ट की चार अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रोबोटिक मैनहोल मशीनें बिना किसी व्यक्ति को सीवर में उतारे 360 डिग्री सफाई करने में सक्षम हैं। वहीं स्किड लोडर और बैकहो लोडर का उपयोग नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस परिसर में बेल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने दीप चैरिटेबल ट्रस्ट, बरेली की मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन का उद्घाटन किया। इस वैन के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------