स्पेन में बड़ा प्रवासी संकट! सेउटा बॉर्डर से सुरक्षा घेरा तोड़कर घुसे 3 हजार तक प्रवासी, सीमा पर मची अफरा-तफरी

0000000-20

मेड्रिड: स्पेन के सेउटा सीमा क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा प्रवासी संकट देखने को मिला। हजारों प्रवासियों ने सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को चकमा देते हुए और कई स्थानों पर सुरक्षा घेरा तोड़कर स्पेन में प्रवेश कर लिया। वर्ष 2021 के बाद इसे सेउटा में सामने आया सबसे बड़ा प्रवासी संकट माना जा रहा है।

स्पेनिश अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन सरकारी प्रसारक टीवीई के अनुमान के अनुसार कुछ ही घंटों में करीब 2,000 से 3,000 प्रवासी सेउटा सीमा में दाखिल हो गए।

बताया गया है कि कई प्रवासियों ने समुद्र के रास्ते तैरकर सीमा पार की, जबकि अन्य लोगों ने मोरक्को और स्पेन को अलग करने वाली सुरक्षा बाड़ को पार कर प्रवेश किया। इस अफरा-तफरी के दौरान नौ लोगों की मौत होने की भी खबर है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें कुछ प्रवासी लाइफ जैकेट और अस्थायी ट्यूब की मदद से समुद्र के रास्ते ताराजल बांध के आसपास सीमा पार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों को सीमा का प्रवेश द्वार खोलकर दौड़ते हुए सेउटा में प्रवेश करते भी देखा गया। कुछ वीडियो में सीमा पार करते समय ‘लॉन्ग लिव स्पेन’ के नारे लगाए जाने का भी दावा किया गया है।

आपातकाल की मांग, सेना तैनात करने का प्रस्ताव

बिगड़ते हालात को देखते हुए सेउटा के क्षेत्रीय प्रमुख जुआन जेसुस विवाश ने केंद्र सरकार से आपातकाल घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेना की तैनाती और मोरक्को से लगी सीमा को अस्थायी रूप से बंद करने की भी मांग उठाई है।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हालात सामान्य करने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मोरक्को और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

‘गंभीर मानवीय और सामाजिक आपातकाल’ घोषित

प्रवासियों की बड़ी संख्या में आमद के बाद सेउटा में ‘गंभीर मानवीय और सामाजिक आपातकाल’ घोषित कर दिया गया है। क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार प्रवासियों के लिए बनाए गए आश्रय केंद्र पूरी तरह भर चुके हैं और सैकड़ों लोगों को खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ रही है। बिना अभिभावक के पहुंचे नाबालिग बच्चों के आश्रय केंद्र भी अपनी निर्धारित क्षमता से 2,400 प्रतिशत अधिक भर चुके हैं।

सरकार ने घुसपैठियों को वापस भेजने की कही बात

जानकारी के अनुसार, फिलहाल प्रतिदिन औसतन 300 प्रवासी सेउटा में प्रवेश कर रहे हैं। इससे वर्ष 2021 जैसे हालात दोबारा बनने की आशंका जताई जा रही है, जब कुछ दिनों के भीतर करीब 10 हजार लोग सीमा पार कर गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेन के गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मारलास्का स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करने के लिए सेउटा का दौरा करेंगे। स्पेन सरकार ने कहा है कि सीमा सुरक्षा मजबूत करने और मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए कई विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। वहीं, मोरक्को के सुरक्षा बल भी अवैध घुसपैठ रोकने में सहयोग कर रहे हैं।

स्पेन के गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से प्रवेश करने वाले लोगों को वापस भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। मंत्रालय ने इस पूरी घटना के लिए मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क को जिम्मेदार ठहराया है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र