तुलसी के बीज हैं सेहत का खजाना! इम्यूनिटी से लेकर वजन और तनाव तक में मिल सकते हैं कई फायदे
नई दिल्ली: आयुर्वेद में तुलसी को औषधीय गुणों का खजाना माना गया है। धार्मिक महत्व के साथ-साथ यह पौधा लंबे समय से भारतीय घरों में सेहत सुधारने के लिए उपयोग किया जाता रहा है। सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने से लेकर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तक तुलसी का खास स्थान है। इसी तरह तुलसी के बीज भी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं, जिनमें प्रोटीन, फाइबर और आयरन जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं।
इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मददगार
तुलसी के बीज शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करते हैं। बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में तुलसी के बीजों का काढ़ा या नियमित सेवन शरीर की इम्यूनिटी को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है।
पाचन तंत्र को रखे दुरुस्त
जिन लोगों को कब्ज, गैस या एसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए तुलसी के बीज लाभकारी बताए जाते हैं। इन्हें पानी में भिगोने पर ये फूल जाते हैं और एक जेल जैसी परत बना लेते हैं। इस रूप में इनका सेवन करने से पाचन तंत्र को राहत मिलती है और हाजमा बेहतर रहता है।
वजन घटाने में भी सहायक
तुलसी के बीज कम कैलोरी और अधिक फाइबर वाले होते हैं, जिससे लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। इसके कारण बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
तनाव कम करने में मददगार
तुलसी के बीजों को मानसिक तनाव कम करने में भी उपयोगी माना जाता है। नियमित सेवन से मन को शांति मिल सकती है और तनाव या बेचैनी जैसी स्थिति में राहत मिलने की संभावना बताई जाती है।
कुल मिलाकर फायदों से भरपूर
विशेषज्ञों के अनुसार तुलसी के बीज छोटे जरूर होते हैं, लेकिन इनमें पोषक तत्वों की भरमार होती है, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचा सकते हैं।



