खाड़ी संकट के बीच केंद्र की अपील: पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करें, अर्जुन राम मेघवाल बोले- ऊर्जा बचत वक्त की जरूरत
बीकानेर: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहराते ऊर्जा संकट के बीच केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की है। उन्होंने इसे राष्ट्रहित से जुड़ा कदम बताते हुए कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत बेहद जरूरी हो गई है।
गुरुवार को बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की जरूरत है। यह जनता से की गई स्वैच्छिक अपील है और प्रधानमंत्री की भी यही मंशा है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय हालात सामान्य नहीं होते, तब तक लोग ईंधन का सीमित उपयोग करें।”
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग जरूरत पड़ने पर ही वाहनों का इस्तेमाल करें, ताकि देश ऊर्जा संकट से बेहतर तरीके से निपट सके।
पीएम मोदी के छोटे काफिले की सराहना
वहीं, भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीमित काफिले के इस्तेमाल को एक बड़ा संदेश बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद उदाहरण पेश करते हुए केवल दो गाड़ियों के काफिले के साथ यात्रा की।
सरावगी ने कहा, “दुनिया के कई देशों में डीजल और पेट्रोल की कीमतों में 400 से 500 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री लगातार राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रहे हैं। लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए सरकार पहले ही एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर चुकी है।”
उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ जनता से ही नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र से भी ईंधन बचाने की अपील कर रही है।
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर जोर
संजय सरावगी ने कहा कि केंद्र सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि ईवी नीति को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और सरकार का उद्देश्य लोगों को पारंपरिक ईंधन से हटाकर वैकल्पिक ऊर्जा की ओर ले जाना है।
उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात में ऊर्जा सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरा है। इसी सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यूएई दौरा भी अहम माना जा रहा है, जहां ऊर्जा सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
नीट यूजी मामले पर विपक्ष को घेरा
नीट यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भी भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा। संजय सरावगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए परीक्षा रद्द की और जांच सीबीआई को सौंप दी।
उन्होंने कहा, “जब पेपर लीक हुआ था तब विपक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा था। अब जब सरकार जांच कर रही है और कार्रवाई हो रही है, तब भी वही लोग विरोध कर रहे हैं। यह छात्रों के भविष्य का मामला है और सरकार इसमें कोई ढिलाई नहीं बरतेगी।”
नीट अनियमितता मामले में गिरफ्तारियां
बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि नीट परीक्षा अनियमितता मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।



