योगी सरकार अलर्ट, 6 सितंबर तक यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और आकस्मिक बाढ़ का खतरा, प्रशासन को तैयार रहने के निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बाढ़ और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए योगी सरकार ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 1 से 6 सितंबर तक के पूर्वानुमान को गंभीरता से लेते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने कई हिस्सों में भारी बारिश, आकस्मिक बाढ़, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। सरकार ने प्रभावित और संभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने को प्राथमिकता देने को कहा है।
6 सितंबर तक मूसलाधार बारिश की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 6 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। इसे देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने जिला प्रशासन को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
भारी बारिश की आशंका वाले जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, एटा, कासगंज, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
इन 10 जिलों में आकस्मिक बाढ़ की आशंका
सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, भदोही, चित्रकूट और कौशाम्बी में आकस्मिक बाढ़ की आशंका जताई गई है। इन जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के साथ नदियों, नालों और जलभराव वाले इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वज्रपात को लेकर भी व्यापक अलर्ट
प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना को देखते हुए भी प्रशासन को सतर्क किया गया है। पूर्वांचल, मध्य उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर से जुड़े जिलों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा, कानपुर, झांसी, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में मौसम की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
आपदा आने से पहले तैयारी पर सरकार का जोर
योगी सरकार ने बाढ़ आने के बाद राहत पहुंचाने के साथ ही संभावित आपदा से पहले प्रशासन को तैयार रखने पर भी जोर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर जिलों को समय रहते सतर्क किया गया है, ताकि भारी बारिश या आकस्मिक बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता दी जा सके।
जिला प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जरूरी कदम उठाने और जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील
राहत आयुक्त कार्यालय ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। तेज बारिश, नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने या वज्रपात की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लोगों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
राहत और बचाव व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश
प्रदेश के कई हिस्सों में पहले से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव व्यवस्था सक्रिय रखी गई है। अब नए मौसम पूर्वानुमान के बाद संबंधित जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और राहत-बचाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चित्रकूट में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने बांटी राहत किट
चित्रकूट में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का अभियान जारी है। तहसील कर्वी में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की। उन्होंने जिले के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों का हालचाल भी जाना और प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही सहायता का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री ने प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





