लैंडिंग से ठीक पहले इंडिगो विमान का इंजन फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी; 224 यात्रियों की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
चेन्नई: इंडिगो की कोलकाता से चेन्नई आ रही फ्लाइट को मंगलवार देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। लैंडिंग से ठीक पहले विमान के बाएं इंजन में खराबी सामने आई थी। विमान में चालक दल समेत कुल 224 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।
लैंडिंग से ठीक पहले बाएं इंजन में आई खराबी
नेशनल डेस्क: एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 6E-723 कोलकाता से चेन्नई आ रही थी। विमान को 11 अगस्त की रात 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट को विमान के बाएं इंजन में खराबी का पता चला।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए आपातकालीन इंतजाम शुरू कर दिए गए।
रनवे 25 पर सुरक्षित उतरा विमान
विमान ने रात 11:37 बजे रनवे 25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित बाहर आ गए। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर घोषित पूर्ण आपातकाल को करीब 10 मिनट बाद रात 11:47 बजे वापस ले लिया गया।
एयरपोर्ट का सामान्य संचालन रहा जारी
अधिकारियों के मुताबिक घटना के बावजूद चेन्नई एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ। सभी उड़ान परिचालन सामान्य रूप से जारी रहे और एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
फिलहाल विमान के बाएं इंजन में खराबी आने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारी तकनीकी खराबी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।





