‘पेपर लीक गैंग को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे’, बिल पास होने के बाद पीएम मोदी का बड़ा संदेश
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा प्रणाली को लेकर संसद से पारित हुए नए कानून के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि देश में विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था स्थापित करने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक करने वाले गिरोहों और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स का गठन, फास्ट ट्रैक व्यवस्था तैयार करना और राज्यों के सुझावों को शामिल करना इसी दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कई दशकों से देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र स्तर पर पेपर लीक की समस्या सामने आती रही है। इससे लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार आवश्यक हो गया था।
‘पेपर माफिया के खिलाफ होंगे सख्त कदम’
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर माफिया, पेपर लीक करने वाले गिरोह और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। इसके लिए कठोर कानूनी प्रावधान भी आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने संसद में इसी उद्देश्य से विधेयक पेश किया था और जैसा वादा किया गया था, दोनों सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले इस विधेयक को पारित कर दिया है। उनके अनुसार, इससे विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम पूरा हुआ है और आगे भी सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद बनेगा कानून
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक जारी नहीं रहने देगी। उन्होंने देशवासियों से विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।
गौरतलब है कि एंटी पेपर लीक विधेयक लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों से पारित हो चुका है। अब राष्ट्रपति की मंजूरी और अधिसूचना जारी होने के बाद यह विधेयक कानून का रूप ले लेगा।





