ट्रंप का गाजा पर बड़ा दावा, बोले- ‘समझौते’ के बाद चरणबद्ध तरीके से सेना हटाएगा इजरायल

photo3-28

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा संघर्ष को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पहल पर गठित ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की मध्यस्थता में हमास और गाजा में सक्रिय अन्य सशस्त्र संगठनों के पूर्ण निरस्त्रीकरण को लेकर एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है। ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के लागू होने के साथ ही इजरायल गाजा से अपनी सेना को चरणबद्ध तरीके से वापस बुलाएगा।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर कहा कि जैसे-जैसे हमास और अन्य हथियारबंद समूहों का निरस्त्रीकरण पूरा होगा, वैसे-वैसे इजरायली सेना भी गाजा से पीछे हटती जाएगी। उनके मुताबिक इसके बाद क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक अंतरराष्ट्रीय स्टेबलाइजेशन फोर्स और नवगठित फिलिस्तीनी पुलिस को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में गाजा को आतंकी गतिविधियों का केंद्र बनने से रोकना है।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि समझौते के तहत गाजा में नई फिलिस्तीनी सरकार का गठन किया जाएगा। यह सरकार ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के साथ मिलकर प्रशासन, पुनर्निर्माण और सामान्य जनजीवन बहाल करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने इसे अपने 20 सूत्रीय शांति प्रस्ताव का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य गाजा संघर्ष का स्थायी समाधान निकालना है।

समझौते में मिस्र, कतर और तुर्किये की मध्यस्थता का किया जिक्र

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि इस समझौते को अंतिम रूप देने में मिस्र, कतर और तुर्किये ने अहम मध्यस्थ की भूमिका निभाई। हालांकि, ट्रंप के इस दावे पर अब तक हमास की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इस बीच गाजा में हिंसा का दौर जारी है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को इजरायली हवाई हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।

व्हाइट हाउस ने बताया शांति की दिशा में अहम पहल

व्हाइट हाउस ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस समझौते को लेकर बयान जारी किया। बयान में इसे क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। व्हाइट हाउस के अनुसार, हमास और अन्य सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण पर बनी सहमति भविष्य में स्थिरता लाने की दिशा में अहम उपलब्धि हो सकती है।

क्या है ‘बोर्ड ऑफ पीस’?

‘बोर्ड ऑफ पीस’ का गठन वर्ष 2026 में गाजा युद्ध के बाद पुनर्निर्माण, प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के उद्देश्य से किया गया था। डोनाल्ड ट्रंप इसके संस्थापक अध्यक्ष हैं। उनका दावा है कि यह समझौता गाजा में नई शासन व्यवस्था स्थापित करने के साथ-साथ भविष्य में 7 अक्टूबर जैसे हमलों की पुनरावृत्ति रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र