हाई ब्लड प्रेशर को न करें नजरअंदाज, अचानक बढ़ जाए बीपी तो तुरंत अपनाएं ये आसान उपाय, हार्ट अटैक-स्ट्रोक का खतरा होगा कम

High-Blood-Pressure

नई दिल्ली: हाई ब्लड प्रेशर अब केवल बुजुर्गों तक सीमित समस्या नहीं रह गई है। बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण कम उम्र के लोग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यदि समय रहते ब्लड प्रेशर को नियंत्रित नहीं किया गया तो हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हृदय से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में दवाओं के साथ संतुलित जीवनशैली और सही खानपान बेहद जरूरी माना जाता है।

बीपी बढ़ने पर शरीर देता है ये संकेत

जब ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ता है तो शरीर कई तरह के संकेत देने लगता है। इनमें तेज सांस चलना, चक्कर आना, चेहरे का लाल पड़ जाना, कमजोरी महसूस होना, आंखों के सामने अंधेरा छाना, अत्यधिक थकान, तेज सिरदर्द और दिल की धड़कन का सामान्य से तेज होना शामिल है। कुछ गंभीर मामलों में नाक या पेशाब से खून आने जैसी स्थिति भी सामने आ सकती है।

अचानक हाई बीपी होने पर क्या करें?

यदि किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ जाए तो सबसे पहले घबराने के बजाय शांत रहने की कोशिश करें और गहरी सांस लें। तनाव कम होने से ब्लड प्रेशर सामान्य होने में मदद मिल सकती है।

यदि शरीर में पानी की कमी हो तो सामान्य तापमान का एक गिलास पानी पीना भी लाभदायक माना जाता है। इसके अलावा यदि स्वास्थ्य अनुमति देता हो तो कुछ देर हल्की वॉक करें। जो लोग नियमित रूप से व्यायाम करते हैं, वे हल्की स्ट्रेचिंग भी कर सकते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार सीमित मात्रा में डार्क चॉकलेट का सेवन भी ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने में मददगार हो सकता है, क्योंकि इसमें मौजूद फ्लेवोनॉयड्स रक्त वाहिकाओं को आराम पहुंचाने में सहायक माने जाते हैं। वहीं सामान्य तापमान के पानी से स्नान करने से भी शरीर को राहत मिल सकती है।

रोजमर्रा की ये आदतें रखें ब्लड प्रेशर कंट्रोल

हाई ब्लड प्रेशर से बचाव के लिए शरीर का वजन नियंत्रित रखना जरूरी है। विशेष रूप से कमर के आसपास अतिरिक्त चर्बी जमा नहीं होने देना चाहिए, क्योंकि इससे हाइपरटेंशन और हृदय रोगों का खतरा बढ़ सकता है।

रोजाना कम से कम 30 मिनट तक वॉक, जॉगिंग या अन्य शारीरिक गतिविधि करने की सलाह दी जाती है। भोजन में नमक और सोडियम की मात्रा सीमित रखें तथा जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड और अधिक वसा वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाएं।

धूम्रपान और शराब का सेवन न करें, तनाव कम रखने का प्रयास करें और पर्याप्त नींद लें। साथ ही कम कैलोरी, कम वसा और कम सोडियम वाला संतुलित आहार अपनाना ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कब तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?

यदि ब्लड प्रेशर बढ़ने के साथ तेज सीने में दर्द, सांस लेने में कठिनाई, लगातार तेज सिरदर्द, बोलने में परेशानी, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या धुंधला दिखाई देने जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। ऐसे मामलों में केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहना सुरक्षित नहीं माना जाता।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र