सुप्रीम कोर्ट से शाहरुख खान को बड़ी राहत, ‘मन्नत’ के रिनोवेशन पर लगी कानूनी अड़चन हटी, दो नई मंजिलों का रास्ता साफ
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान को उनके प्रतिष्ठित बंगले ‘मन्नत’ के रिनोवेशन मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने बंगले के पुनर्निर्माण और विस्तार के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है। इस फैसले के बाद अब ‘मन्नत’ में प्रस्तावित बदलाव और दो नई मंजिलों के निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
‘मन्नत’ मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित शाहरुख खान का प्रतिष्ठित बंगला है, जिसे देखने के लिए हर साल हजारों प्रशंसक पहुंचते हैं। अभिनेता अपने जन्मदिन समेत खास मौकों पर बंगले की बालकनी से फैंस का अभिवादन भी करते हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने याचिका की मंशा पर भी उठाए सवाल
जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की तीन सदस्यीय पीठ ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) के फैसले को बरकरार रखते हुए याचिका को खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता की मंशा पर भी सवाल उठाए और अपील को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
पर्यावरण मंजूरी को लेकर उठाया गया था विवाद
मुंबई के सामाजिक कार्यकर्ता संतोष दौंडकर ने ‘मन्नत’ के रिनोवेशन के लिए मिली तटीय विनियमन क्षेत्र (CRZ) की मंजूरी को चुनौती दी थी। उनका दावा था कि यह अनुमति पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप नहीं है। हालांकि, राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण ने सितंबर 2025 में ही इस याचिका को खारिज कर दिया था। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी उसी फैसले पर अपनी मुहर लगा दी है।
‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख खान
वर्क फ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान जल्द ही आगामी एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इस फिल्म की खास बात यह है कि इसमें शाहरुख अपनी बेटी सुहाना खान के साथ पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।





