आर्थराइटिस के मरीज भूलकर भी न खाएं ये चीजें! बढ़ सकती है सूजन और असहनीय जोड़ों का दर्द

a-330

नई दिल्ली: आर्थराइटिस यानी गठिया एक ऐसी समस्या है, जो जोड़ों में दर्द, सूजन, अकड़न और चलने-फिरने में कठिनाई का कारण बनती है। ऑस्टियोआर्थराइटिस में जोड़ों की उपास्थि धीरे-धीरे घिसने लगती है, जबकि रुमेटीइड आर्थराइटिस एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से अपने ही जोड़ों और ऊतकों पर हमला करने लगती है। विशेषज्ञों के अनुसार, दवाओं के साथ-साथ सही खानपान भी इस बीमारी को नियंत्रित रखने में अहम भूमिका निभाता है। कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिनसे परहेज करने पर दर्द और सूजन को बढ़ने से रोका जा सकता है।

ज्यादा चीनी वाले खाद्य पदार्थों से बनाएं दूरी

विशेषज्ञों के मुताबिक, अतिरिक्त चीनी वाले खाद्य पदार्थ जैसे चॉकलेट, कैंडी, शीतल पेय, पैकेज्ड जूस, मीठे अनाज और कुछ सॉस का अधिक सेवन गठिया के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अधिक चीनी शरीर में सूजन बढ़ाने का काम कर सकती है, जिससे जोड़ों का दर्द और असहजता बढ़ सकती है।

ग्लूटेन वाले खाद्य पदार्थ बढ़ा सकते हैं परेशानी

ग्लूटेन एक प्रकार का प्रोटीन है, जो गेहूं, जौ और राई में पाया जाता है। ब्रेड, केक, बर्गर बन, पास्ता और अन्य कई बेकरी उत्पादों में इसकी मात्रा होती है। कुछ लोगों में ग्लूटेन सूजन बढ़ाने से जुड़ा पाया गया है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह के अनुसार ग्लूटेन का सेवन सीमित करना कुछ मरीजों के लिए फायदेमंद हो सकता है।

अधिक नमक का सेवन भी हो सकता है नुकसानदायक

गठिया से पीड़ित लोगों को अधिक नमक वाले खाद्य पदार्थों से भी बचने की सलाह दी जाती है। प्रोसेस्ड मीट, इंस्टेंट सूप, पिज्जा, प्रोसेस्ड चीज़ और अन्य पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में सोडियम की मात्रा अधिक होती है, जो सूजन और स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती है।

प्रोसेस्ड और जंक फूड से रखें परहेज

अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड, पैकेज्ड स्नैक्स और मीठे पेय पदार्थों में अतिरिक्त चीनी, रिफाइंड अनाज और प्रिजर्वेटिव्स पाए जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, इनका नियमित सेवन शरीर में सूजन बढ़ा सकता है, जिससे आर्थराइटिस के लक्षण और गंभीर हो सकते हैं।

शराब बढ़ा सकती है जोड़ों की तकलीफ

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि शराब का सेवन गठिया के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। यह सूजन और दर्द को बढ़ा सकती है। इसके अलावा, गाउट जैसी समस्या में भी शराब यूरिक एसिड के स्तर को प्रभावित कर दर्द बढ़ाने का कारण बन सकती है। कुछ अध्ययनों में शराब के अधिक सेवन को ऑस्टियोआर्थराइटिस के बढ़ते जोखिम से भी जोड़ा गया है।

संतुलित आहार है बेहतर विकल्प

विशेषज्ञों के अनुसार, आर्थराइटिस के मरीजों को ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, पर्याप्त पानी और संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। किसी भी खाद्य पदार्थ को पूरी तरह छोड़ने या अपनाने से पहले डॉक्टर या आहार विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।

----------------------------------------------------------------------------------------------