बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे पर उठे सवाल: दान में गड़बड़ी के आरोपों के बाद BKTC ने बैठाई जांच, समिति गठित

000000000000000-1

देहरादून: अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा विवाद के बीच अब उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में दान और चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों और शिकायत मिलने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने मामले की जांच के आदेश देते हुए आंतरिक समिति गठित करने का फैसला किया है।

कर्मचारी पर आर्थिक अनियमितता के आरोप

भैरव सेना संगठन ने बीकेटीसी अध्यक्ष से जुड़े एक कर्मचारी पर आर्थिक हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने इस संबंध में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ को शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जांच के लिए बनी आंतरिक समिति

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जांच के लिए एक आंतरिक समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। समिति उपलब्ध दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज, अन्य साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दोषी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

मंदिर समिति ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। समिति का कहना है कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अध्यक्ष ने सोशल मीडिया के दावों पर दी सफाई

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे दावों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है। उनके अनुसार संबंधित व्यक्ति मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है और पहले भी समिति के कई अध्यक्षों के साथ वैयक्तिक सहायक के रूप में कार्य कर चुका है।उन्होंने दोहराया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र