मौसम का महाअलर्ट! 6 जुलाई तक आंधी, बिजली और मूसलाधार बारिश का खतरा, कई राज्यों में मानसून दिखाएगा रौद्र रूप
नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और उत्तर व मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान के मुताबिक आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 6 जुलाई तक दिल्ली में बादलों की आवाजाही, तेज हवाओं और बारिश का दौर लगातार जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार पालम में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 28 डिग्री सेल्सियस, रिज क्षेत्र में 24.5 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सभी स्थानों का तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहा। वहीं सुबह 9 बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 177 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज बारिश का दौर
उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में 1 से 6 जुलाई के बीच मानसून पूरी ताकत के साथ सक्रिय रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में इस अवधि के दौरान तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 से 6 जुलाई के बीच इन क्षेत्रों के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
राजस्थान में बढ़ेगा बारिश का असर
पूर्वी राजस्थान में आज से ही वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 6 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 3 से 6 जुलाई के दौरान बारिश के साथ धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत, बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के लोगों को भी आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 से 6 जुलाई तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 6 जुलाई के बीच मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले 5 से 6 दिन मौसम चुनौतीपूर्ण बना रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 6 जुलाई तक लगातार वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ समय के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
भूस्खलन का खतरा, पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह
लगातार बारिश को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों ने पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रा के दौरान मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील भी की गई है।
मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 6 जुलाई तक मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बिहार, झारखंड समेत पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर
बिहार में 2 से 6 जुलाई के बीच व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है। झारखंड में भी 6 जुलाई तक कई स्थानों पर झमाझम बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं।





