अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक से मची तबाही! 34 से ज्यादा मौतें, सीमा पर फिर भड़का तनाव

photo3-15

नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव खतरनाक स्तर पर पहुंचता नजर आ रहा है। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार रात पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में किए गए हवाई हमलों में 34 से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमलों में जान गंवाने वाले सभी लोग आम नागरिक थे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

रिहायशी इलाकों को बनाया गया निशाना

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पाकतिका प्रांत के गयान जिले और पाकतिया प्रांत के समकानी जिले में स्थित रिहायशी क्षेत्रों पर हवाई हमले किए। इसके अलावा कुनार प्रांत के कुछ इलाकों में भी बमबारी की खबरें सामने आई हैं। हमलों के बाद कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए।

बचाव कार्य के दौरान हुआ दूसरा हमला

पाकतिया पुलिस कमांड के प्रवक्ता मुनीब जादरान ने हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि समकानी जिले के मांडोखेल इलाके में एक नागरिक बिस्मिल्लाह जान के घर को निशाना बनाया गया। उनका दावा है कि जब स्थानीय लोग मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पहुंचे, तभी दूसरा हमला किया गया। इस दौरान राहत और बचाव कार्य में जुटे लोग भी हमले की चपेट में आ गए, जिससे हताहतों की संख्या और बढ़ गई।

‘इलाके में नहीं था कोई सैन्य ठिकाना’

स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों और घायलों ने दावा किया है कि जिस क्षेत्र में हवाई हमला किया गया, वहां कोई सैन्य अड्डा या सुरक्षा बल मौजूद नहीं थे। उनका कहना है कि हमले सीधे आम नागरिकों के घरों पर किए गए, जिसके कारण महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए।

पाकिस्तान की ओर से अब तक नहीं आया बयान

घटना को लेकर पाकिस्तान सरकार और सेना की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। वहीं अफगानिस्तान की तरफ से इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की गई है और इसे नागरिक आबादी को निशाना बनाने वाला हमला बताया गया है।

सीमा पर फिर बढ़ सकती है तनातनी

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के दिनों में कराची में हुए हमले के बाद दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव अब और गहरा सकता है। ताजा एयर स्ट्राइक के बाद सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं और हालात के और संवेदनशील होने की आशंका जताई जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र