2027 चुनाव से पहले BJP का मेगा संगठनात्मक धमाका, UP में 46 पदाधिकारियों की नई टीम घोषित; कई बड़े चेहरों को मिली जिम्मेदारी

2026_6image_13_42_261518550untitled-ll

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए अपनी नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी ने 46 पदाधिकारियों की सूची जारी कर संगठन को नया स्वरूप दिया है। नई टीम में सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने के साथ कई नए चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

नीरज सिंह बने प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रियंका रावत को पदोन्नति

भाजपा की नई सूची में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें विधायक पंकज सिंह के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बाराबंकी की वरिष्ठ नेता प्रियंका रावत को पदोन्नत करते हुए महामंत्री से प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

पूजा पाल को भी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी

पार्टी ने सामाजिक समीकरणों को साधने की रणनीति के तहत समाजवादी पार्टी से जुड़ी रही पूजा पाल को भी प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा का मानना है कि विभिन्न सामाजिक समूहों के प्रभावशाली नेताओं को संगठन में प्रमुख भूमिका देकर चुनावी आधार को और मजबूत किया जा सकता है।

प्रदेश उपाध्यक्षों की लंबी सूची जारी

नई टीम में सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

महामंत्रियों की टीम में भी बड़ा बदलाव

भाजपा ने प्रदेश महामंत्री पद पर रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने अनुभवी और नए चेहरों का मिश्रण तैयार कर संगठन को और सक्रिय बनाने की कोशिश की है।

क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए भाजपा ने नए क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है। पश्चिम क्षेत्र की कमान नबाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र की पूरन लाल लोधी, कानपुर क्षेत्र की राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र की अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र की अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र की विनोद राय को सौंपी गई है।

युवा मोर्चा से लेकर किसान मोर्चा तक नई जिम्मेदारियां

भाजपा ने मोर्चों में भी बड़े बदलाव किए हैं। रोहित मिश्रा को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रकाश पाल को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

2027 चुनाव से पहले सोशल इंजीनियरिंग पर खास जोर

राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा की नई टीम में सामाजिक और जातीय संतुलन को विशेष महत्व दिया गया है। विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों के नेताओं को प्रतिनिधित्व देकर संगठन को व्यापक स्वरूप देने की कोशिश की गई है। माना जा रहा है कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर 2027 विधानसभा चुनाव और 2029 लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत आधार तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है।

नई टीम को भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी प्रदेश में अपनी पकड़ और मजबूत करने के साथ-साथ नए सामाजिक समीकरण साधने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र