6 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई, कमरे में छिपाकर रखी थी 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कोडीन कफ सिरप; 3 तस्कर गिरफ्तार
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार शाम एक कमरे में छापा मारकर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की कोडीन कफ सिरप बरामद की। बड़ी मात्रा में सिरप की शीशियां कमरे के अंदर छिपाकर रखी गई थीं। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया, जिनसे देर रात तक पूछताछ की जाती रही।
दिल्ली-हरियाणा से प्रयागराज पहुंचती थी सिरप की खेप
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि एयरपोर्ट क्षेत्र के एक कमरे में भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप अवैध तरीके से जमा करके रखी गई है। जानकारी के मुताबिक, यहां से सिरप की सप्लाई प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में की जाती थी। इस नेटवर्क का विस्तार मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड तक होने का भी इनपुट मिला था।
जांच में सामने आया कि तस्करी से जुड़ा नेटवर्क दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ से कोडीन कफ सिरप की खेप प्रयागराज लाता था। इसके बाद इसे शहर के अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखा जाता था और मांग के अनुसार दूसरे जिलों तथा राज्यों में भेजा जाता था।
रविवार शाम 7 बजे कमरे में मारा गया छापा
इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट थाना पुलिस को साथ लेकर रविवार शाम करीब 7 बजे बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही वहां हड़कंप मच गया। कमरे की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में कोडीन कफ सिरप की शीशियां बरामद हुईं।
बरामद सिरप की कीमत 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि सिरप की यह खेप कहां से मंगाई गई थी, किसके जरिए प्रयागराज पहुंची और यहां से किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।
पूछताछ में खुल सकता है पूरे नेटवर्क का राज
पूछताछ के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम और उनके ठिकानों की जानकारी मिलने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि प्रयागराज के अलावा उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों और अन्य राज्यों में इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर की टीम भी मौके पर पहुंची। बरामद कफ सिरप की जांच की जा रही है और उसकी मात्रा का मिलान किया जा रहा है। देर रात तक एसटीएफ, एयरपोर्ट थाना पुलिस और ड्रग विभाग की टीम कार्रवाई से जुड़ी कागजी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी रही।
पुलिस ने अभी नहीं दी आधिकारिक जानकारी
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी देने से इनकार किया है। ऐसे में बरामद सिरप की वास्तविक मात्रा, उसकी कीमत और पकड़े गए लोगों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
6 दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज में कोडीन कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ छह दिन के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 20 सितंबर को अतरसुइया क्षेत्र में पुलिस ने एक मकान में बने गोदाम से करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की कोडीन कफ सिरप और अन्य नशीली दवाएं बरामद की थीं।
अब एयरपोर्ट क्षेत्र में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कफ सिरप पकड़े जाने के बाद जांच एजेंसियों का ध्यान इस पूरे नेटवर्क पर है। खास तौर पर दिल्ली और हरियाणा से प्रयागराज तक खेप पहुंचाने और यहां से उत्तर प्रदेश के साथ मध्य प्रदेश, बिहार तथा झारखंड तक इसकी सप्लाई किए जाने के नेटवर्क की जांच की जा रही है।





