सहारा इंडिया में PF घोटाले का आरोप, सुब्रत रॉय के भाई जयब्रत समेत 6 अधिकारियों पर केस दर्ज
लखनऊ: सहारा इंडिया परिवार से जुड़ी मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। कंपनी के दिवंगत चेयरमैन सुब्रत रॉय के भाई जयब्रत रॉय, ओपी श्रीवास्तव समेत छह अधिकारियों के खिलाफ अलीगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला कर्मचारियों के वेतन से भविष्य निधि यानी पीएफ की रकम काटने के बाद उसे संबंधित खातों में जमा नहीं करने के आरोप से जुड़ा है। यह कार्रवाई कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल कुमार की शिकायत पर अदालत के आदेश के बाद हुई है।
वेतन से PF काटने के बाद खाते में जमा नहीं करने का आरोप
अलीगंज पुलिस के अनुसार, सहारा इंडिया मास कम्युनिकेशन के कर्मचारियों अनुराग मिश्रा, दिनेश श्रीवास्तव और कलानिधि मिश्रा ने इस मामले में शिकायत की थी। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी हर महीने उनके वेतन से पीएफ की राशि काटती थी, लेकिन कटौती के बाद वह रकम उनके संबंधित पीएफ खातों में जमा नहीं की गई।
शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में फॉर्म-16, लेजर और वेतन खातों के बैंक स्टेटमेंट समेत कई दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं।
अदालत के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रवर्तन अधिकारी सुहैल कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसके बाद अदालत के आदेश के आधार पर अलीगंज थाने में जयब्रत रॉय, ओपी श्रीवास्तव समेत छह अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कर्मचारियों के वेतन से काटी गई पीएफ की राशि किस अवधि में संबंधित खातों में जमा नहीं की गई और इसके लिए जिम्मेदार कौन था।
2023 में हुआ था सुब्रत रॉय का निधन
सहारा समूह के संस्थापक और चेयरमैन सुब्रत रॉय का नवंबर 2023 में 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उनके कारोबारी जीवन के दौरान समूह की विभिन्न कंपनियों को कई नियामकीय और कानूनी विवादों का सामना करना पड़ा।
सहारा समूह की अलग-अलग कंपनियों पर निवेशकों से जुड़े मामलों में नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगते रहे हैं। हालांकि, समूह की ओर से इन आरोपों से इनकार किया गया था।
सुब्रत रॉय की कहानी पर बन रही वेब सीरीज
सुब्रत रॉय की कारोबारी यात्रा अब पर्दे पर भी दिखाई देने वाली है। फिल्म निर्माता हंसल मेहता की चर्चित ‘स्कैम’ सीरीज की तीसरी कड़ी ‘स्कैम 2010- द सुब्रत रॉय सागा’ पर काम शुरू हो चुका है।
ओटीटी मंच सोनी लिव के मुताबिक, इस सीरीज में सिद्धार्थ बोडके सुब्रत रॉय की भूमिका निभाएंगे। इसका निर्माण बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट कर रहे हैं।
सीरीज में सहारा समूह के शुरुआती दौर से लेकर उसके बड़े कारोबारी साम्राज्य के विस्तार और बाद में कानूनी विवादों में घिरने तक की कहानी को दिखाने की तैयारी है।





