रूस में नौकरी के नाम पर भारतीय को युद्ध में झोंका, आंखों के सामने मरे साथी; जान बचाने के लिए यूक्रेन के सामने किया सरेंडर

russia_army_1795222407879_afpx_1795222415877_WLRP_3073cd4d-0003-41f4-a891-603c34934f37_5ftz
जालंधर: रूस-यूक्रेन युद्ध में भारतीय नागरिकों को कथित तौर पर नौकरी का झांसा देकर रूसी सेना में भर्ती कराने का एक और मामला सामने आया है। पंजाब के जालंधर निवासी 40 वर्षीय गुरप्रीत सिंह रंधावा को रूस में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर वहां बुलाया गया था, लेकिन आरोप है कि उन्हें सैन्य सेवा के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराकर युद्ध के मैदान में भेज दिया गया। हालात इतने भयावह हो गए कि अपनी जान बचाने के लिए उन्हें यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करना पड़ा। यूक्रेन की हिरासत में दिए गए एक साक्षात्कार में गुरप्रीत ने अपनी आपबीती सुनाई और भारत सरकार से युवाओं को रूस जाने से रोकने की अपील की।

नौकरी का सपना दिखाया, फिर युद्ध के मैदान में पहुंचा दिया

गुरप्रीत सिंह रंधावा की पहचान यूक्रेन में मौजूद सूत्रों के हवाले से की गई है। इसी सप्ताह यूक्रेनी यूट्यूबर वोलोदिमिर जोल्किन ने उनका करीब एक घंटे का साक्षात्कार लिया। जोल्किन इससे पहले भी रूसी सेना के कब्जे में आए कई युद्धबंदियों से बातचीत कर चुके हैं।

इस बातचीत के दौरान गुरप्रीत कई बार भावुक हो गए और रोने लगे। उनका साक्षात्कार यूक्रेन सरकार की ‘आई वांट टू लिव’ परियोजना ने भी साझा किया है। यह परियोजना युद्धबंदियों से जुड़े मामलों को देखने वाले यूक्रेनी सरकारी समन्वय मुख्यालय के तहत संचालित होती है।

सोशल मीडिया पर देखा नौकरी का विज्ञापन, रूस पहुंचने के लिए दिए 500 डॉलर

यूक्रेन की ‘आई वांट टू लिव’ परियोजना के अनुसार, गुरप्रीत ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा था। इसमें रूस की एक कपड़ा फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी देने का प्रस्ताव था। उन्होंने इसके लिए आवेदन किया तो एक भर्ती एजेंट ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद रूस पहुंचने की पूरी व्यवस्था की गई।

परियोजना की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, गुरप्रीत को रूस जाने के लिए पर्यटक वीजा दिलाने में मदद की गई और हवाई टिकट भी खरीदे गए। रूस पहुंचने पर दिखाने के लिए उन्हें 500 डॉलर दिए गए। इसके बाद 26 अगस्त 2026 को उन्होंने रूसी सशस्त्र बलों के साथ सैन्य सेवा का अनुबंध कर लिया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से रूस पहुंचने के बाद गुरप्रीत और अन्य विदेशी नागरिकों को समारा क्षेत्र में रूसी गृह मंत्रालय की चिकित्सा इकाई के अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और फिर सैन्य सेवा के अनुबंध पर हस्ताक्षर कराए गए।

ट्रेनिंग के दौरान भागने की कोशिश, एक को गोली मारी और दूसरे को बांधा

अनुबंध के बाद गुरप्रीत को रूसी सेना की 27वीं मोटर राइफल डिवीजन की 589वीं मोटर राइफल रेजिमेंट में तैनात किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उनके साथ करीब 100 विदेशी नागरिक थे। इनमें भारत और नेपाल के नागरिक भी शामिल थे।

‘आई वांट टू लिव’ की ओर से साझा की गई जानकारी में गुरप्रीत के हवाले से प्रशिक्षण के दौरान हुई दो घटनाओं का जिक्र किया गया है। दावा है कि दो विदेशी नागरिकों ने फायरिंग रेंज से भागने की कोशिश की थी। इनमें से एक को गोली मार दी गई, जबकि दूसरे को बंकर के सामने एक खंभे से बांध दिया गया।

उसे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया और वहां तैनात सैनिकों को उसे खाना-पानी देने से भी मना कर दिया गया। अन्य सैनिकों को चेतावनी दी गई कि यदि उन्होंने आदेश का उल्लंघन किया तो उन्हें भी इसी तरह की सजा भुगतनी पड़ सकती है।

पोक्रोव्स्क के मोर्चे पर पहुंचते ही मौत का सामना, रूसी बंकर से भी निकाला

परियोजना के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में प्रशिक्षण पूरा होने के बाद गुरप्रीत और अन्य विदेशी नागरिकों को युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया। उनकी तैनाती पोक्रोव्स्क सेक्टर में की गई थी। मोर्चे की ओर बढ़ते समय उनके समूह पर हमला हुआ, जिसमें दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई।

इस दौरान गुरप्रीत ने रूसी सैनिकों के कब्जे वाले एक बंकर में शरण लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया। युद्ध के मैदान में लगातार बिगड़ते हालात, रूसी सैन्य कमान के कथित व्यवहार और अपने साथियों को मरते देखने के बाद उन्होंने वहां से निकलने का फैसला किया।

आखिरकार गुरप्रीत ने अपना हथियार छोड़ दिया और यूक्रेनी सेना की चौकी की तरफ बढ़कर आत्मसमर्पण कर दिया। इस तरह वह युद्ध के मैदान से निकलकर यूक्रेनी सेना की हिरासत में पहुंच गए।

भारत सरकार से हाथ जोड़कर बोले- युवाओं को रूस जाने से रोकिए

यूक्रेनी यूट्यूबर को दिए साक्षात्कार में गुरप्रीत ने भारतीय युवाओं को रूस में नौकरी के नाम पर मिल रहे प्रस्तावों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने भारत सरकार से भी आग्रह किया कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और युवाओं को रूस जाने से रोका जाए।

गुरप्रीत ने कहा कि रूस सोशल मीडिया पर रोजगार के आकर्षक अवसरों का प्रचार करता है, लेकिन वहां पहुंचने वाले लोगों को मौत के मुंह में धकेल दिया जाता है। उन्होंने भावुक होकर कहा, ”भारत में हर कोई पैसा कमाना चाहता है, लेकिन युवाओं को रूस मत जाने दीजिए। मैंने अपनी आंखों के सामने पंजाब, भारत और नेपाल के कई लड़कों को मरते देखा है। मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं।”

उन्होंने भारत सरकार से उनकी अपील पर ध्यान देने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी अन्य भारतीय को ऐसे हालात का सामना न करना पड़े।

गुजरात के साहिल माजोठी ने भी किया था आत्मसमर्पण

रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान किसी भारतीय नागरिक के यूक्रेनी सेना के सामने आत्मसमर्पण करने का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले गुजरात के मोरबी निवासी 23 वर्षीय साहिल माजोठी ने पिछले साल अक्टूबर में यूक्रेनी सेना के सामने सरेंडर किया था।

आरोप था कि साहिल को भी रूसी सेना की वर्दी पहनाकर युद्ध के मोर्चे पर लड़ने के लिए मजबूर किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह अभी भी ल्वीव स्थित जाखिद-1 युद्धबंदी शिविर में हिरासत में हैं।

गुरप्रीत की हिरासत को लेकर भारतीय अधिकारियों से मांगा गया जवाब

गुरप्रीत के यूक्रेनी सेना के कब्जे में होने की जानकारी इस महीने की शुरुआत में यूक्रेन स्थित सूत्रों से मिली थी। इसके बाद 12 नवंबर को अखबार की ओर से कीव स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत अंजनी कुमार और यूक्रेन में युद्धबंदियों के मामलों से जुड़े समन्वय मुख्यालय के सचिव ब्रिगेडियर जनरल दिमित्रोव उसोव को पत्र भेजा गया था।

पत्र में गुरप्रीत के आत्मसमर्पण और यूक्रेन की हिरासत में होने की पुष्टि मांगी गई थी। हालांकि, रिपोर्ट में बताया गया है कि इस संबंध में भारतीय अधिकारियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र