बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल टली, ग्राहकों को मिली राहत; IBA-UFBU की बैठक में बनी सहमति

00000000000-24

नई दिल्ली: इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी गई है। करीब रात 9:30 बजे हुई इस बैठक में बैंक सुधार, शनिवार की छुट्टी, स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI) समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। लंबी बातचीत के बाद कुछ अहम मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।

शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाई लेवल कमेटी

शनिवार को छुट्टी घोषित किए जाने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक हाई लेवल कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी इस संबंध में उपलब्ध सभी विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित हितधारकों के साथ चर्चा करके समाधान निकालने की कोशिश करेगी।

कमेटी का उद्देश्य ऐसा रास्ता तलाशना है, जिसे बैंक कर्मचारियों के संगठनों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों के लिए भी स्वीकार्य बनाया जा सके, ताकि किसी भी पक्ष को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

PLI योजना में बदलाव पर सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव

स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना यानी PLI को लेकर बैंक यूनियनों और एसोसिएशनों की ओर से आपत्तियां और सुझाव दिए गए हैं। इन सुझावों को ध्यान में रखते हुए योजना में संभावित बदलाव का प्रस्ताव सरकार को भेजने के मुद्दे पर IBA के साथ बातचीत शुरू की जाएगी।

इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर भी IBA और UFBU के बीच आगे बातचीत जारी रहेगी।

सहमति के बाद टला प्रस्तावित आंदोलन

बैठक में हुए फैसलों के बाद UFBU ने अपने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल के कार्यक्रम को स्थगित करने पर सहमति जताई। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल फिलहाल टल गई है। हड़ताल स्थगित होने से बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने वाला संभावित असर भी फिलहाल टल गया है और ग्राहकों को राहत मिली है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र