नेपाल में तबाही का खौफनाक आंकड़ा! 1,222 शव बरामद, 4,875 लोग लापता; 601 विदेशी नागरिक भी शामिल
नई दिल्ली: नेपाल में बाढ़ और आपदा के बाद राहत, बचाव और शवों की तलाश का अभियान लगातार जारी है। नेपाल पुलिस के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देशभर में अब तक 1,222 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4,875 लोगों के लापता होने की जानकारी दर्ज की गई है। लापता लोगों में 601 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
नेपाल पुलिस के अनुसार आपदा प्रभावित इलाकों में कुल 7,892 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। राहत और बचाव अभियान के दौरान 65 पुलिसकर्मी प्रभावित हुए हैं, जबकि 25 पुलिसकर्मियों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है।
1,222 शवों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल
पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए 1,222 शवों में 406 पुरुष, 236 महिलाएं, 43 बालिकाएं और 34 बालक शामिल हैं। इसके अलावा 421 आंशिक मानव अंग भी बरामद किए गए हैं। 82 शव या मानव अवशेष ऐसे हैं, जिनकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार 882 शवों का अंतिम प्रबंधन किया जा चुका है।
4,875 लापता लोगों में 601 विदेशी
लापता लोगों के आंकड़ों के मुताबिक 2,924 नेपाली नागरिकों के बारे में उनके रिश्तेदारों ने आधिकारिक रूप से जानकारी दर्ज कराई है। वहीं 1,350 लोगों के लापता होने की सूचना सरकार के अलग-अलग निकायों को फोन के जरिए मिली है। इसके अलावा 601 विदेशी नागरिकों के लापता होने की जानकारी भी दर्ज की गई है।
6,006 लोगों को किया गया रेस्क्यू
नेपाल पुलिस के मुताबिक आपदा के दौरान अब तक 6,006 लोगों को घायल अवस्था में बचाया या सुरक्षित निकाला गया है। इनमें 4,666 पुरुष, 1,213 महिलाएं और 45 नाबालिग शामिल हैं। इसके अलावा 675 विदेशी नागरिकों को भी बचाया गया है। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए बनाए गए होल्डिंग सेंटरों में फिलहाल 3,126 लोगों को रखा गया है।
DNA सैंपल से मृतकों की पहचान की कोशिश
आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान के लिए डीएनए जांच की प्रक्रिया भी जारी है। नेपाल पुलिस ने 553 ऐसे शवों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई है, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। अब तक 1,022 मृतकों के डीएनए नमूने और 463 मृतकों के परिजनों के डीएनए नमूने लिए जा चुके हैं। डीएनए प्रक्रिया के तहत कुल 1,655 नमूने दर्ज किए गए हैं।
नेपाल पुलिस का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में खोज और बचाव अभियान के साथ शवों की बरामदगी, मृतकों की पहचान और राहत कार्य लगातार जारी है।





