दिल को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं ये सब्जियां और फल, डाइट में जरूर करें शामिल
नई दिल्ली: गलत खानपान और अनियमित दिनचर्या का असर सेहत पर पड़ सकता है। लंबे समय तक असंतुलित आहार लेने से शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल यानी एलडीएल का स्तर बढ़ सकता है, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है। डाइट में फाइबर, साबुत अनाज, फल और सब्जियों को शामिल करने से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।
सेब और खट्टे फल
सेब और खट्टे फलों में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है। इनमें घुलनशील फाइबर पेक्टिन भी पाया जाता है। नियमित रूप से इन फलों को आहार में शामिल करने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
बैंगन भी फायदेमंद विकल्प
बैंगन को भी संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है। इसमें फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र के लिए उपयोगी है। संतुलित डाइट के हिस्से के रूप में बैंगन का सेवन कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है।
दालों में प्रोटीन और फाइबर
दालें प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत हैं। इन्हें नियमित आहार में शामिल करने से संतुलित पोषण मिलता है और फाइबर की वजह से कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन में मदद मिल सकती है। दालों में विटामिन बी सहित कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।
एवोकाडो में मौजूद है हेल्दी फैट
एवोकाडो में मोनोसैचुरेटेड फैट और फाइबर पाया जाता है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन खराब कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। इसमें मौजूद स्वस्थ वसा हृदय के लिए बेहतर आहार विकल्प का हिस्सा हो सकती है।
बेरीज और अंगूर को भी करें शामिल
स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, रास्पबेरी जैसी बेरीज और अंगूर में फाइबर समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन फलों को संतुलित आहार में शामिल करने से हृदय स्वास्थ्य के लिए जरूरी पोषण मिल सकता है।
हरी पत्तेदार सब्जियां जरूरी
पालक और अन्य हरी पत्तेदार सब्जियों में ल्यूटिन और कैरोटेनॉइड्स जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। नियमित रूप से हरी सब्जियों का सेवन संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
टमाटर भी डाइट में शामिल करें
टमाटर में कई पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। इसे सलाद, सब्जी या अन्य व्यंजनों के रूप में रोजाना के भोजन में शामिल किया जा सकता है। संतुलित आहार के साथ टमाटर का सेवन हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हो सकता है।
ओट्स में होता है बीटा-ग्लूकन
ओट्स में घुलनशील फाइबर बीटा-ग्लूकन पाया जाता है। यह फाइबर कोलेस्ट्रॉल के प्रबंधन में मदद कर सकता है। इसलिए नाश्ते या भोजन में ओट्स को शामिल करना संतुलित डाइट का अच्छा विकल्प हो सकता है।
जौ भी है अच्छा साबुत अनाज
जौ में भी बीटा-ग्लूकन जैसे घुलनशील फाइबर पाए जाते हैं। इसे साबुत अनाज के रूप में आहार में शामिल करने से फाइबर की मात्रा बढ़ाने और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।





