एड़ी के दर्द से हैं परेशान? आज से अपनाएं ये आसान उपाय, इन तरीकों से मिलेगी राहत

a-134

नई दिल्ली: एड़ियों में दर्द की समस्या किसी को भी हो सकती है, लेकिन महिलाओं को अक्सर इससे ज्यादा परेशानी होती है। सुबह बिस्तर से उठकर जैसे ही पैर जमीन पर रखते हैं, उस समय एड़ियों का दर्द अधिक महसूस हो सकता है। एड़ियों में दर्द का एक प्रमुख कारण प्लानटर फैसिटिस माना जाता है, जिसे हील स्पर सिंड्रोम भी कहा जाता है। इसके अलावा स्ट्रेस, फ्रैक्चर, टेंडोनाइटिस और अर्थराइटिस की वजह से भी एड़ियों में दर्द हो सकता है। लगातार दर्द रहने से रोजमर्रा की दिनचर्या प्रभावित हो सकती है।

आमतौर पर एड़ी का दर्द कुछ समय में ठीक हो जाता है, लेकिन कई मामलों में टखनों, मांसपेशियों और जोड़ों में सूजन लंबे समय तक बनी रह सकती है। इसके कारण चलने-फिरने और सामान्य काम करने में भी दिक्कत होने लगती है। ऐसे में कुछ घरेलू उपाय आजमाए जा सकते हैं, जिनसे दर्द और जकड़न से राहत मिलने में मदद मिल सकती है।

गर्म पानी में फिटकरी या सेंधा नमक

एड़ियों की सूजन और जकड़न को कम करने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए गुनगुने पानी में फिटकरी या सेंधा नमक डालकर कुछ देर पैर डुबोकर बैठें। इससे मांसपेशियों और टखनों की जकड़न कम करने में मदद मिल सकती है और दर्द से राहत महसूस हो सकती है।

गर्म तेल से करें मालिश

मांसपेशियों में रक्त संचार बेहतर करने के लिए गर्म तेल से एड़ियों की मालिश की जा सकती है। इससे टखनों की जकड़न कम करने और उन्हें मजबूती देने में मदद मिल सकती है। एड़ियों पर गर्म तेल या घी से मालिश करने से भी दर्द में राहत मिलने की बात कही गई है।

हल्दी का लेप देगा राहत

हल्दी में कई औषधीय गुण पाए जाते हैं और इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं, जो सूजन कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए तेल में हल्दी मिलाकर एड़ियों पर लगाया जा सकता है। इसमें जरूरत के अनुसार गुड़ भी मिलाया जा सकता है। तैयार पेस्ट को एड़ियों पर लगाने से दर्द में आराम मिलने की बात कही गई है।

लंबी हील वाली चप्पल पहनने से बचें

अगर आप कामकाजी हैं और ऊंची हील वाली चप्पल या जूते पहनना पसंद करती हैं तो इस आदत में बदलाव करना जरूरी है। लंबे समय तक ऊंची हील पहनने से पैरों पर दबाव बढ़ सकता है और रक्त प्रवाह प्रभावित हो सकता है। ऐसे में एड़ियों की परेशानी बढ़ने की आशंका रहती है।

एड़ियों को रखें मॉइश्चराइज

एड़ियों के ज्यादा फटने या कठोर होने की वजह से भी दर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए एड़ियों को हमेशा मॉइश्चराइज रखना चाहिए, ताकि वे सूखने और फटने से बची रहें। रात में सोने से पहले एड़ियों पर मॉइश्चराइजर लगाने से उन्हें मुलायम बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र