रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय, लखनऊ के इस होटल में लेंगे सात फेरे; तैयारियां शुरू

00000-11 (2)

लखनऊ: क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख और जगह तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर को लखनऊ में सात फेरे लेंगे। शादी का आयोजन लखनऊ के रमाडा होटल में होगा। दोनों परिवारों की सहमति से तारीख और स्थल तय किए जाने की जानकारी प्रिया सरोज के पिता, जौनपुर के केराकत से विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने दी है।

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई भी लखनऊ में ही हुई थी। सगाई का आयोजन द सेंट्रम होटल में हुआ था। शादी को लेकर पहले वाराणसी के एक होटल का नाम सामने आ रहा था, लेकिन अब लखनऊ में ही विवाह समारोह आयोजित करने का फैसला किया गया है।

रमाडा होटल में होगा शादी समारोह

तूफानी सरोज के मुताबिक, दोनों परिवारों ने मिलकर शादी की तारीख और स्थान तय किया है। लखनऊ के रमाडा होटल में 4 दिसंबर को विवाह समारोह होगा और इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वाराणसी के करखियांव (कठेरवा) स्थित प्रिया सरोज के गांव में बने घर को भी सजाने-संवारने का काम चल रहा है।

शादी में क्रिकेट और राजनीति से जुड़े कई लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रिया सरोज के राजनीतिक संपर्कों के साथ रिंकू सिंह के क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों को भी समारोह में आमंत्रित किए जाने की उम्मीद है।

पहले वाराणसी में शादी की थी चर्चा

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई लखनऊ में होने के बाद चर्चा थी कि शादी वाराणसी में आयोजित की जा सकती है। वाराणसी के होटल ताज का नाम भी संभावित आयोजन स्थल के तौर पर सामने आया था। हालांकि, अब शादी लखनऊ के रमाडा होटल में कराने का फैसला किया गया है।

लखनऊ में शादी आयोजित करने के पीछे क्रिकेट और राजनीति से जुड़ी हस्तियों के आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखे जाने की बात कही जा रही है। दोनों की सगाई भी लखनऊ में ही हुई थी, ऐसे में विवाह समारोह के लिए भी राजधानी को चुना गया है।

अलीगढ़ से निकलकर टीम इंडिया तक पहुंचे रिंकू सिंह

रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं। एक सामान्य परिवार से आने वाले रिंकू ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई। आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाकर क्रिकेट जगत में खास पहचान बनाई थी। उन्हें टीम के लिए प्रभावी फिनिशर के तौर पर जाना जाता है।

कौन हैं प्रिया सरोज

प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। वह जौनपुर की केराकत विधानसभा सीट से तीन बार विधायक और मछली शहर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे तूफानी सरोज की बेटी हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उन्हें मछली शहर से उम्मीदवार बनाया था, जहां जीत दर्ज करने के बाद वह देश की कम उम्र की महिला सांसदों में शामिल हुईं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र