हुरुन रिच लिस्ट में बॉलीवुड का जलवा, शाहरुख 10 हजार करोड़ पर तो सलमान 3 हजार करोड़ के साथ शामिल

Shahrukh-Khan

नई दिल्ली: हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 जारी हो गई है। इस बार भी बॉलीवुड के सबसे अमीर सितारों की संपत्ति को लेकर दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। शाहरुख खान लगातार दूसरे साल सबसे अमीर भारतीय अभिनेता बने हुए हैं। उनकी अनुमानित नेट वर्थ 10 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। हालांकि पिछले साल के मुकाबले उनकी संपत्ति में 2490 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई है। 2025 में उनकी अनुमानित संपत्ति 12490 करोड़ रुपये थी, जो अब घटकर 10 हजार करोड़ रुपये रह गई है।

शाहरुख खान की संपत्ति के आकलन में उनके फिल्मी और कारोबारी हितों को भी शामिल किया गया है। इनमें रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स जैसे कारोबार शामिल हैं। संपत्ति में कमी के बावजूद शाहरुख सबसे अमीर भारतीय अभिनेता की सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं। इसी साल की शुरुआत में जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में भी उनकी संपत्ति का अनुमान करीब 10800 करोड़ रुपये लगाया गया था।

अमिताभ बच्चन की संपत्ति में बड़ा इजाफा

महानायक अमिताभ बच्चन 4 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित नेट वर्थ के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति पिछले साल की तुलना में काफी बढ़ी है। 2025 में उनकी अनुमानित नेट वर्थ करीब 1630 करोड़ रुपये बताई गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ बच्चन खुद कोई बड़ा कारोबार सक्रिय रूप से संचालित नहीं करते हैं, लेकिन उनके फैमिली ऑफिस के कई कंपनियों और रियल एस्टेट में निवेश हैं। इन निवेशों का उनकी कुल संपत्ति के आकलन में महत्वपूर्ण योगदान है।

सलमान खान की पहली बार लिस्ट में एंट्री

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में सलमान खान की एंट्री भी चर्चा में है। करीब 3 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित नेट वर्थ के साथ वह बॉलीवुड के अमीर अभिनेताओं की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। यह इस सूची में सलमान खान की नई एंट्री है। फिल्मों के अलावा विज्ञापन, ब्रांड और अन्य कारोबारी गतिविधियां उनकी कमाई के प्रमुख माध्यमों में शामिल हैं।

ऋतिक रोशन की संपत्ति भी बढ़ी

ऋतिक रोशन 2500 करोड़ रुपये की अनुमानित संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। 2025 में उनकी अनुमानित संपत्ति 2160 करोड़ रुपये थी। इस बार उनकी संपत्ति में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उनके कारोबार और ब्रांड HRX को उनकी संपत्ति में योगदान देने वाले प्रमुख हितों में शामिल किया गया है।

जूही चावला और करण जौहर सूची से बाहर

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में बॉलीवुड के कुछ पुराने नाम इस बार नजर नहीं आए। जूही चावला और करण जौहर पिछले साल की सूची में शामिल थे, लेकिन इस बार उनकी एंट्री नहीं हुई है। 2025 में जूही चावला की अनुमानित नेट वर्थ 7790 करोड़ रुपये और करण जौहर की करीब 1880 करोड़ रुपये बताई गई थी।

वहीं ‘रामायण’ से जुड़े प्रोडक्शन काम के लिए चर्चा में रहे नमित मल्होत्रा के पिता नरेश मल्होत्रा भी इस साल की सूची में शामिल हैं। उनकी अनुमानित नेट वर्थ 16 हजार करोड़ रुपये बताई गई है।

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में भारत के कुल 391 डॉलर बिलियनपति शामिल हुए हैं, जिसे एक नया रिकॉर्ड बताया गया है। सूची के आंकड़े यह भी दिखाते हैं कि बॉलीवुड सितारों की संपत्ति का आकलन केवल फिल्मों से होने वाली कमाई तक सीमित नहीं है। प्रोडक्शन कारोबार, ब्रांड, निवेश और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों का भी इसमें योगदान है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र