स्वच्छता सर्वेक्षण में यूपी के तीन शहरों का जलवा, लखनऊ देश में तीसरे नंबर पर बरकरार; गाजियाबाद बना प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा को इन उपलब्धियों के लिए सम्मान प्रदान किया। प्रदेश के इन शहरों की सफलता के पीछे बेहतर कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था और नागरिकों की भागीदारी को अहम वजह बताया गया है।
पुराने कचरे के निस्तारण से लखनऊ ने बनाई पहचान
लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में तीसरी रैंक हासिल की है। शहर में पुराने डंपिंग स्थलों पर जमा 20 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। इस पहल के तहत खाली हुई जमीन को दोबारा उपयोग के लायक बनाया जा रहा है।
कचरे से उपयोगी संसाधन तैयार करने पर भी जोर दिया गया है। जैविक कचरे से खाद बनाई जा रही है, जबकि आरडीएफ के जरिए औद्योगिक ईंधन तैयार किया जा रहा है। नगर निगम में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने और वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में भी काम किया गया है।
वार्ड स्तर पर भी स्वच्छता के प्रयासों को पहचान मिली है। पेपर मिल कॉलोनी के वार्ड-70 ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा नुक्कड़ नाटकों और सामुदायिक अभियानों के जरिए लोगों को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
गाजियाबाद बना उत्तर प्रदेश का नंबर वन स्वच्छ शहर
स्वच्छ सर्वेक्षण में गाजियाबाद ने प्रदेश के शहरों के बीच पहला स्थान हासिल किया है। यहां कचरे को संसाधन में बदलने के लिए प्रसंस्करण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। लोनी, डासना और निडोरी स्थित प्लांटों की क्षमता दोगुनी करके 3,650 टन प्रतिदिन कर दी गई है।
नगर निगम की ओर से 15.5 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया गया है। शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए 17 मियावाकी फॉरेस्ट विकसित किए गए हैं, जिनमें 3.43 लाख पौधे लगाए गए हैं।
प्लास्टिक कचरे का दोबारा इस्तेमाल करते हुए पाइप, बेंच और वर्टिकल गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, महिला स्वयं सहायता समूह गोबर से रूफटॉप कूलिंग पेंट बना रहे हैं। इस नवाचार को ब्लूमबर्ग फिलैंथ्रॉपीज मेयर्स चैलेंज-2025 में एक मिलियन डॉलर का अनुदान भी मिला है।
वाराणसी को स्वच्छ रिवर टाउन श्रेणी में तीसरा स्थान
गंगा और उसके घाटों की सफाई के लिए वाराणसी में विशेष व्यवस्था लागू की गई है। शहर के सभी वार्डों में घरों से कचरा अलग-अलग श्रेणियों में एकत्र करने के लिए चार डिब्बों की व्यवस्था की गई है।
घाटों की सफाई तीन शिफ्टों में कराई जाती है। पूजा सामग्री को गंगा में जाने से रोकने के लिए ट्विन बिन और अपर्ण कलश लगाए गए हैं। नदी में तैरते कचरे को हटाने के लिए ट्रैश स्किमर और नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए अधिकारियों को फील्ड वेरिफिकेशन की जिम्मेदारी भी दी गई है। इन प्रयासों के चलते वाराणसी ने स्वच्छ रिवर टाउन श्रेणी में देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
ए.के. शर्मा बोले- सामूहिक प्रयासों का मिला परिणाम
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के शहरों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इसे प्रदेश में बदलते शहरी स्वरूप, बेहतर प्रबंधन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल से पश्चिमांचल तक उत्तर प्रदेश के शहर स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थित नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। यह सम्मान सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सहयोग से भी नगरीय विकास के प्रयासों को गति मिली है।
समारोह में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं नगरीय निकाय निदेशक अनुज कुमार झा, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






