विटामिन D की कमी को न करें नजरअंदाज! बढ़ सकता है दिल की बीमारियों और हाई ब्लड प्रेशर का खतरा

a-151
नई दिल्ली: विटामिन डी को सनशाइन विटामिन भी कहा जाता है, क्योंकि शरीर इसे सूरज की रोशनी की मदद से बना सकता है। यह विटामिन शरीर के कई जरूरी कार्यों में अहम भूमिका निभाता है। कैल्शियम के अवशोषण से लेकर हृदय के बेहतर कामकाज तक, विटामिन डी की जरूरत होती है। इसके अलावा यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में भी मदद करता है। आमतौर पर इसे हड्डियों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन एक नए अध्ययन में सामने आया है कि इसकी कमी दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ा सकती है।

विटामिन डी की कमी से बढ़ सकता है ब्लड प्रेशर

यूरोपियन हार्ट जर्नल में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, शरीर में विटामिन डी का स्तर कम होने से हृदय स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ ऑस्ट्रेलिया के शोधकर्ताओं ने अध्ययन में पाया कि जिन लोगों में विटामिन डी की कमी थी, उनमें हृदय रोग और उच्च रक्तचाप का खतरा सामान्य स्तर वाले लोगों की तुलना में अधिक पाया गया।

दुनियाभर में हर साल करीब 1.79 करोड़ लोगों की मौत हृदय संबंधी बीमारियों के कारण होती है। इन बीमारियों से बड़े पैमाने पर जान का नुकसान होता है। अध्ययन के निष्कर्षों के मुताबिक, विटामिन डी की कमी पर समय रहते ध्यान देने से हृदय रोगों के कारण होने वाली मौतों को कम करने में मदद मिल सकती है।

कई देशों में लोगों में विटामिन डी की कमी

दुनिया के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में लोग विटामिन डी की कमी से जूझ रहे हैं। यूके बायोबैंक के आंकड़ों के अनुसार, एक सर्वे में 55 प्रतिशत लोगों में विटामिन डी का स्तर कम पाया गया। इनमें 13 प्रतिशत प्रतिभागियों में इसकी गंभीर कमी दर्ज की गई।

अध्ययन के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया जैसे संपन्न देश में भी 23 प्रतिशत लोगों में विटामिन डी की कमी पाई गई। वहीं, अमेरिका में यह आंकड़ा 24 प्रतिशत और कनाडा में 37 प्रतिशत रहा।

कमी दूर करने से घट सकती हैं हृदय रोगों से होने वाली मौतें

यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ ऑस्ट्रेलिया की प्रोफेसर और अध्ययन की प्रमुख शोधकर्ता एलिना हाइपोनेन ने बताया कि दुनियाभर में हर साल हृदय संबंधी बीमारियों के कारण लाखों लोगों की जान जाती है। उनके मुताबिक, यदि विटामिन डी की कमी को दूर करने पर ध्यान दिया जाए, तो इन मौतों की संख्या में काफी कमी लाई जा सकती है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र