लखनऊ में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी, RSS नेता, उनके भाई और बेटे की गोली मारकर हत्या

lucknow_crime22_1792997525359_T768_1792997534835_arlj_7c5239af-8811-4d08-bf1f-beeb8dd1fad6_Vp6M
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात का आरोप पड़ोसी ऋषभ शुक्ला पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के नेवी का जवान होने की बात सामने आई है।

मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद

सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला में आरएसएस नेता शिवाजी तिवारी अपने भाई शिवेंद्र तिवारी, बेटे सुयश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते थे। सोमवार सुबह घर के सामने मंदिर के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने के बाद ऋषभ घर से पिस्टल लेकर आया और फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में शिवाजी तिवारी, शिवेंद्र तिवारी और सुयश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवाजी और सुयश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवेंद्र ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आसपास के थानों की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया और गोलीबारी में तीन लोगों की जान चली गई।

इलाके में पुलिस बल तैनात

घटना के बाद तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जेसीपी क्राइम अपर्णा भी मौके पर पहुंचीं। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव, बाजारखाला एसीपी रंजीत कुमार सहित सआदतगंज, बाजारखाला और तालकटोरा थानों की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।

डीसीपी पश्चिम जितेंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, शिवा तिवारी और ऋषभ शुक्ला के परिवार पड़ोसी हैं। गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद ऋषभ ने अपनी पिस्टल से फायरिंग की। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद कर ली गई है।

आरएसएस के जिला कार्यवाह रह चुके थे शिवाजी तिवारी

मृतक शिवाजी तिवारी आरएसएस से जुड़े हुए थे और लखनऊ पश्चिम के सह जिला कार्यवाह रह चुके थे। वह बिजली विभाग में पीए के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके भाई शिवेंद्र तिवारी लखनऊ विश्वविद्यालय में बाबू के पद पर कार्यरत थे, जबकि बेटे सुयश बिजली का काम करते थे। उनकी बाजारखाला में लाइट एंड साउंड की दुकान थी।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र